लखनऊ ।यूपी की राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र से एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी ट्यूशन टीचर के खिलाफ दुष्कर्म, एससी/एसटी एक्ट समेत अन्य संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।

क्या है आरोप

बिजनौर जनपद की 13 वर्षीय किशोरी अपने माता-पिता के साथ सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में रहती है और 9वीं कक्षा की छात्रा है। पिता के मुताबिक गोमती एन्क्लेव निवासी वीर सिंह यादव उनकी बेटी को घर पर ट्यूशन पढ़ाने आता था। वह मूलरूप से बांदा के बबेरू क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है।

आरोपी ने घर में अकेला पाकर किशोरी के साथ जबरन दुष्कर्म किया

शिकायत के अनुसार 22 जनवरी को जब माता-पिता दफ्तर गए थे और दादी घर के बाहर थीं, तभी आरोपी ने घर में अकेला पाकर किशोरी के साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर कथित तौर पर जीवन बर्बाद करने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपी ट्यूशन के बहाने दोपहर में आने लगा और 12 फरवरी तक कई बार शारीरिक शोषण किया।

पुलिस की कार्रवाई

परिजनों का आरोप है कि इस दौरान किशोरी गर्भवती हो गई, जिसके बाद आरोपी ने दवा देकर गर्भपात करा दिया। तबीयत बिगड़ने पर किशोरी ने मां को पूरी घटना बताई, जिसके बाद पुलिस में लिखित शिकायत दी गई।डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं और मामले की जांच जारी है।

दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के साथ आरोपी की फोटो

किशोरी के पिता का आरोप है कि आरोपी राजनीतिक रूप से प्रभावशाली है और समाजवादी पार्टी से जुड़ा हुआ है। साथ ही वह प्रदेश के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के साथ अपनी तस्वीरें दिखाकर लोगों पर प्रभाव जमाने की कोशिश करता है।फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। मामले की विवेचना जारी है और आगे की कार्रवाई गिरफ्तारी के बाद स्पष्ट होगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *