ग्रेटर नोएडा । Greater Noida के बादलपुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक थार चालक ने पेट्रोल पंप पर टैंक फुल कराने के बाद ऑनलाइन पेमेंट का बहाना बनाया और मौके से फरार हो गया। मामला जीटी रोड स्थित रघुनंदन पेट्रोल पंप का है, जहां की यह पूरी वारदात अब सीसीटीवी में भी कैद हो गई है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, सिकंदराबाद क्षेत्र के जौली गांव निवासी 22 वर्षीय हर्ष अपने मामा के यहां दुजाना गांव आया हुआ था। शाम करीब 6:30 बजे वह थार लेकर पेट्रोल पंप पहुंचा और गाड़ी का टैंक फुल कराया।भुगतान के समय उसने ऑनलाइन पेमेंट की बात कही। इसी दौरान जब सेल्समैन कुलदीप शर्मा मशीन लेने अंदर गए, तभी आरोपी गाड़ी स्टार्ट कर फरार हो गया।

पीछा करने पर जानलेवा टक्कर

गाड़ी को अचानक भागता देख सेल्समैन कुलदीप शर्मा ने तुरंत बाइक से उसका पीछा शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी तेज रफ्तार में चिटहेरा बाईपास की ओर भागा।जब सेल्समैन उसकी गाड़ी के बराबर पहुंचे, तो आरोपी ने जानबूझकर बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से कुलदीप सड़क पर गिरकर घायल हो गए, लेकिन उनकी बाइक थार में फंस गई।

5 किलोमीटर तक घसीटता रहा बाइक

हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी ने गाड़ी नहीं रोकी और करीब पांच किलोमीटर तक बाइक को घसीटता हुआ ले गया। सड़क पर घर्षण से चिंगारियां निकलती रहीं, जिससे राहगीरों में दहशत फैल गई। कई लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।बताया जा रहा है कि आरोपी छौलस गांव की ओर मुड़ गया था।

पुलिस की घेराबंदी, आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही बादलपुर पुलिस हरकत में आई और संभावित रास्तों पर घेराबंदी कर दी। पीछा करते हुए पुलिस ने बिना नंबर की थार को रोक लिया और चालक को हिरासत में लेकर कोट पुलिस चौकी पहुंचाया। बाद में उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।घायल सेल्समैन कुलदीप शर्मा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने थार को सीज कर लिया है और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या बोली पुलिस?

प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने भुगतान करने में असमर्थता जताई है। हालांकि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *