लखनऊ । एसटीएफ उत्तर प्रदेश ने संगठित गिरोह बनाकर ऑनलाइन बेटिंग ऐप के जरिए ठगी करने वाले छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। साथ ही नोएडा के स्कूलों को भेजे गए धमकी भरे ई-मेल प्रकरण में इस्तेमाल हुआ रिकवरी मेल से जुड़ा मोबाइल भी बरामद किया गया है।
नोएडा स्कूलों को धमकी मेल से जुड़ा मोबाइल बरामद
यह कार्रवाई 13 फरवरी 2026 को एसटीएफ नोएडा यूनिट द्वारा की गई। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 4 लैपटॉप, 22 मोबाइल फोन, 16 डेबिट/क्रेडिट कार्ड, 2 नेपाली पासपोर्ट, फर्जी आधार व पैन कार्ड सहित कई दस्तावेज और 19,500 रुपये नकद बरामद हुए हैं।जांच में सामने आया कि गिरोह साहबेरी क्षेत्र में कॉल सेंटर के रूप में अवैध ऑनलाइन बेटिंग ऐप संचालित कर रहा था। ये लोग वीपीएन और फेक जीपीएस लोकेशन का इस्तेमाल कर अमेरिकी नामों से मिलती-जुलती ईमेल आईडी बनाकर विदेशी और भारतीय नागरिकों को ऑनलाइन सट्टेबाजी में निवेश के लिए फंसाते थे।
साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कामयाबी मानी जा रही
23 जनवरी 2026 को गौतमबुद्धनगर के कई स्कूलों को भेजे गए धमकी भरे ई-मेल की जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण से रिकवरी ईमेल का लिंक भारत और बांग्लादेश से जुड़ा मिला। आगे की जांच में इसका संबंध साहबेरी क्षेत्र से पाया गया, जिसके बाद छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा गया।पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय था और टेक सपोर्ट के नाम पर ठगी को अंजाम देता था। बरामद मोबाइल की फॉरेंसिक जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।यह कार्रवाई साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
यह भी पढ़े : “सास-दामाद का इश्क बना संगीन जंग” 10 माह बाद थाने में हाईवोल्टेज ड्रामा
यह भी पढ़े : अंधविश्वास या पारिवारिक तनाव, पांच लाशों ने खड़े किए बड़े सवाल
