एसएमयूपीन्यूज,लखनऊ । रणदीप भाटी और अमित कसाना गैंग का सक्रिय शूटर एवं 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश पवन उर्फ कल्लू, बीती रात एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हो गया। इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज आगरा में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
कहाँ और कैसे हुई मुठभेड़?
घटना थाना एकता क्षेत्र में शमशाद रोड से घूतला पुल और देवरी की ओर जाने वाले सर्विस रोड पर दूसरे अंडरपास के पास रात करीब 9 बजे हुई।यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट को सूचना मिली थी कि पवन उर्फ कल्लू किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने आगरा पहुंच रहा है। इसके बाद एसटीएफ और कमिश्नरेट आगरा पुलिस ने संयुक्त चेकिंग शुरू की।
अंधेरे का फायदा उठाकर एक साथी मौके से फरार
इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखे। रोकने का प्रयास किया गया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ ने आत्मरक्षा में नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें पवन उर्फ कल्लू घायल हो गया जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।घायल बदमाश को पहले जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज आगरा भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
कौन था पवन उर्फ कल्लू?
पवन उर्फ कल्लू पुत्र संतराम, निवासी ग्राम सिरोली, थाना लोनी, जनपद गाजियाबाद का रहने वाला था। वह पिछले करीब 10 वर्षों से अपराध की दुनिया में सक्रिय था और एनसीआर क्षेत्र में हत्या, रंगदारी और फायरिंग की कई सनसनीखेज वारदातों में शामिल रहा।वह रणदीप भाटी और अमित कसाना गैंग का सक्रिय सदस्य था। जेल के दौरान उसकी मुलाकात हरियाणा के हिमांशु भाऊ गैंग के सदस्यों से भी हुई थी, जिसके बाद वह रंगदारी और सुपारी किलिंग में और सक्रिय हो गया।
प्रमुख आपराधिक घटनाएँ
25 दिसंबर 2017 – थाना सिकंद्राबाद, बुलंदशहर में रामजी लाल की गोली मारकर हत्या।
22 दिसंबर 2020 – थाना लोनी, गाजियाबाद में जैनी उर्फ जैनिन्दर बैंसला की घर में घुसकर हत्या।
9 मई 2021 – थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर में दिनेश भाटी की सुपारी लेकर हत्या।
21 मई 2021 – थाना लोनी क्षेत्र में सुरेन्द्र नामक व्यक्ति की सरेआम गोली मारकर हत्या।
31 दिसंबर 2025 – आगरा में एक व्यापारी से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला, जिसमें वह वांछित था और 50 हजार का इनाम घोषित था।
मुठभेड़ में क्या बरामद हुआ?
01 अदद 9 एमएम पिस्टल (2016 में थाना बिसरख क्षेत्र से लूटी गई थी)
01 अदद .32 बोर पिस्टल
01 हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल
17 जिंदा कारतूस (9 एमएम)
14 जिंदा कारतूस (.32 बोर)
8 खोखा कारतूस (9 एमएम)
2 खोखा कारतूस (.32 बोर)
बरामद 9 एमएम पिस्टल वर्ष 2016 में गौतमबुद्धनगर में एक आरक्षी से लूटी गई थी। उस मामले में थाना बिसरख में मुकदमा दर्ज है।
आगे की कार्रवाई
फरार बदमाश की तलाश जारी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और गैंग की गतिविधियों की गहन जांच कर रही है।यह मुठभेड़ यूपी एसटीएफ और कमिश्नरेट आगरा पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, क्योंकि पवन उर्फ कल्लू एनसीआर में लंबे समय से दहशत का पर्याय बना हुआ था।
यह भी पढ़े : लखनऊ में सनसनी: बेटे ने की पिता की हत्या, फिल्म से सीखा शव के टुकड़े करने का तरीका
