मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक बेहद हृदयविदारक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना महावन क्षेत्र के खप्परपुर गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों के शव घर के अंदर मिले, जिससे पूरे इलाके में कोहराम मच गया। मृतकों में पति-पत्नी के साथ उनका बेटा और दो बेटियां शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में जहरीला पदार्थ खाकर सामूहिक आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।

फोरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू की

मिली जानकारी के अनुसार खप्परपुर गांव निवासी मनीष (35) खेती-किसानी करते थे। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि मनीष, उनकी पत्नी सीमा (32), बेटियां हनी (5), प्रियांशी (4) और बेटा पंकज (2) घर के अंदर मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू की।

घर के अंदर मिला सुसाइड नोट, दीवार पर लिखा संदेश

पुलिस के अनुसार, मौके से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसके साथ ही घर की दीवार पर लिखा मिला—“अपनी इच्छा से आत्महत्या कर रहा हूं।”हालांकि सुसाइड नोट और दीवार पर लिखे संदेश की भाषा और आशय की गहन जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।बताया गया है कि मनीष की शादी करीब आठ साल पहले सादाबाद क्षेत्र के मड़नई गांव से हुई थी। मनीष के दो भाई भी हैं, जो उसी गांव में अलग-अलग घरों में रहते हैं। मनीष अपने परिवार के साथ इसी मकान में रह रहा था।

आखिर क्या थी वजह? जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल इस सामूहिक आत्महत्या के पीछे की ठोस वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों, परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। मृतका सीमा के पिता विजेंद्र भी सूचना मिलने पर गांव पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह एक दिन पहले ही बेटी और दामाद से मिलकर लौटे थे और किसी गंभीर परेशानी के संकेत नहीं मिले थे। हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि कुछ समय से मनीष का अपने भाई बिल्लू से विवाद चल रहा था।

इलाके में मातम और सन्नाटा

एक साथ पांच लोगों की मौत से पूरे खप्परपुर गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। हर कोई यही सवाल कर रहा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक पूरा परिवार मौत को गले लगाने पर मजबूर हो गया।फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व सुसाइड नोट की जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *