मथुरा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा सुरीर थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 88 के पास शनिवार सुबह करीब 2:45 बजे हुआ।

कुछ यात्री लघुशंका के लिए एक्सप्रेस-वे पर उतरे थे

जानकारी के अनुसार दिल्ली से कानपुर जा रही एक बस के कुछ यात्री लघुशंका के लिए एक्सप्रेस-वे पर उतरे थे। आरोप है कि बस चालक ने यात्रियों को निर्धारित ‘ग्रीन जोन’ में न उतारकर सड़क किनारे ही बस खड़ी कर दी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बस में जोरदार टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े यात्रियों को रौंदते हुए आगे निकल गया।

दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी

इस भीषण हादसे में सोनू (निवासी औरैया), देवेश (बस्ती), अस्लम (कन्नौज), संतोष (दिल्ली) समेत छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।हादसे में घायल नौ यात्रियों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत नाजुक बनी हुई है।

प्रशासनिक कार्रवाई और यातायात बहाली

घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और यमुना एक्सप्रेस-वे की राहत टीम मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर घायलों को अस्पताल भिजवाया गया और यातायात को सुचारू कराया गया। पुलिस ने कंटेनर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

ड्राइवर की लापरवाही बनी मौत की वजह

प्रारंभिक जांच में बस चालक की गंभीर लापरवाही सामने आई है। एक्सप्रेस-वे पर केवल निर्धारित ‘ग्रीन जोन’ में ही वाहनों को रोकने की अनुमति है। नियमों की अनदेखी के चलते यह भयावह हादसा हुआ। घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाले जानलेवा हादसों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *