लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण विभाग (PWD) में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वर्षों से खड़ी और कंडम हो चुकी सरकारी गाड़ी में तेल डलवाकर सरकारी धन के दुरुपयोग का खुलासा हुआ है। मामला सामने आते ही विभाग में हड़कंप मच गया।
एक कार लंबे समय से अनुपयोगी हालत में खड़ी थी
यह प्रकरण पीडब्ल्यूडी के विद्युत एवं यांत्रिक खंड के लखनऊ स्थित 17वें सर्किल का है, जहां एक कार लंबे समय से अनुपयोगी हालत में खड़ी थी। आरोप है कि इसी कंडम वाहन को टोचन कार्य में इस्तेमाल दिखाकर नियमित रूप से तेल खर्च दर्शाया जाता रहा।
अनिल कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया
मामले में अवर अभियंता (JE) अनिल कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं सहायक अभियंता एसके नायक के खिलाफ कर्मचारी आचरण नियमावली के नियम-7 और अधिशासी अभियंता रंजिता प्रसाद के खिलाफ नियमावली-10(2) के तहत विभागीय जांच बैठा दी गई है।
सर्किलों के रिकॉर्ड भी खंगाले जाने की चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में वित्तीय अनियमितता के संकेत मिले हैं। अब यह पता लगाया जा रहा है कि कंडम वाहन के नाम पर तेल की आपूर्ति किसकी अनुमति से और कितने समय से दिखाई जा रही थी।इस कार्रवाई के बाद विभाग में खलबली मच गई है और अन्य सर्किलों के रिकॉर्ड भी खंगाले जाने की चर्चा है।
