लखनऊ। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत कार्यरत संविदा एवं अन्य कर्मियों के लिए राहत भरी खबर है। मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोएल ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों (डीएम) और मुख्य चिकित्साधिकारियों (सीएमओ) को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि होली पर्व से पूर्व सभी कर्मचारियों का मानदेय भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
20 फरवरी तक की उपस्थिति पर होगा भुगतान
जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि कर्मचारियों का मानदेय 20 फरवरी तक की उपस्थिति के आधार पर निर्धारित किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को यह भी कहा गया है कि 25 फरवरी तक उपस्थिति और भुगतान से जुड़ी समस्त जानकारी एनएचएम पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपडेट कर दी जाए, ताकि वित्तीय प्रक्रिया समय से पूरी कर मानदेय सीधे कर्मचारियों के बैंक खातों में स्थानांतरित किया जा सके।
लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी
मिशन निदेशक ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। त्योहार के मद्देनज़र कर्मचारियों को समय पर भुगतान मिलना आवश्यक है, इसलिए सभी जिलों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।प्रदेश भर में एनएचएम के तहत बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी—जैसे एएनएम, स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, डेटा एंट्री ऑपरेटर, काउंसलर और अन्य स्वास्थ्यकर्मी—कार्यरत हैं।
त्योहार से पहले मानदेय भुगतान का निर्णय
ये कर्मचारी प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों तक अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में त्योहार से पहले मानदेय भुगतान का निर्णय उनके लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शासन की मंशा है कि किसी भी कर्मचारी को त्योहार के दौरान आर्थिक कठिनाई का सामना न करना पड़े। इसी उद्देश्य से समयबद्ध प्रक्रिया अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।
