एसएमयूपीन्यूज,लखनऊ । उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के मैलानी थाना क्षेत्र के ग्राम काकोरी में शुक्रवार सुबह एक ही परिवार में घटी घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। यहां एक महिला और उसकी दो बेटियों ने कथित तौर पर पहले जहरीला पदार्थ सेवन किया और फिर फंदा लगा लिया।

गंभीर हालत में तीनों को पहुंचाया गया अस्पताल

परिजन गंभीर अवस्था में तीनों को लेकर गोला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने 50 वर्षीय फूल कुमारी और उनकी 19 वर्षीय बेटी निमिषा को मृत घोषित कर दिया। वहीं 25 वर्षीय कंचन की हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

बड़े बेटे की हादसे में मौत के बाद गहरे सदमे में थे

मृतका के पति विजेंद्र कुमार ने बताया कि उनके बड़े बेटे पवन कुमार की चार दिसंबर को पूरनपुर मार्ग पर कजरी के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद से पूरा परिवार मानसिक तनाव और गहरे सदमे में था। घटना के समय घर में मृतक पवन की पत्नी किरन देवी, उसके दो छोटे बच्चे और मां-बेटियां मौजूद थीं, जबकि विजेंद्र कुमार अपने छोटे बेटे आशीष के साथ भरिगवां स्थित आटा चक्की के कारखाने पर गए हुए थे।

मौके से एक सादा कागज और पेन मिला

ग्रामीणों के अनुसार बेटे की असामयिक मृत्यु के बाद परिवार लगातार शोक में डूबा हुआ था। वहीं स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि हादसे के बाद घर में आपसी तनाव की स्थिति बनी हुई थी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी रमेश कुमार तिवारी, इंस्पेक्टर अंबर सिंह और चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। कमरे में एक स्टूल, तख्त और पास में रखा सादा कागज व पेन बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि घटना से पहले कुछ लिखने का प्रयास किया गया होगा।

पुलिस हर पहलू से मामले की छानबीन कर रही

पुलिस ने सभी साक्ष्य कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।क्षेत्राधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जहरीला पदार्थ सेवन करने के बाद आत्मघाती कदम उठाने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, वास्तविक स्थिति पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस हर पहलू से मामले की छानबीन कर रही है।

यह भी पढ़े : होली पर यूपी में लगातार चार दिन की छुट्टी, सीएम योगी के सख्त निर्देश—वेतन समय से देने के आदेश

यह भी पढ़े : मुजफ्फरनगर हत्याकांड: बेटी ने प्रेमी संग मिलकर की पिता की हत्या, खीर में मिलाई नींद की गोलियां

यह भी पढ़े : लखनऊ में सनसनी: बेटे ने की पिता की हत्या, फिल्म से सीखा शव के टुकड़े करने का तरीका

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *