मेरठ । Uttar Pradesh Cricket Association ने शुक्रवार को कानपुर में आयोजित चयन शिविर के बाद अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम की घोषणा की। इस सूची में मेरठ की दो होनहार खिलाड़ियों—मिस्टी चौधरी और अमीषा—ने जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया है।

16 साल की मिस्टी ने रचा इतिहास

शताब्दी नगर बी पॉकेट सेक्टर-1 निवासी 16 वर्षीय मिस्टी चौधरी का चयन खास मायने रखता है। इतनी कम उम्र में अंडर-23 टीम में चुनी जाना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। बताया जा रहा है कि वह मेरठ की पहली महिला क्रिकेटर हैं, जिन्हें 16 वर्ष की आयु में अंडर-23 टीम में मौका मिला है।

तीन व चार सार की उम्र से शुरू कर दिया था अभ्यास

मिस्टी इससे पहले उत्तर प्रदेश की अंडर-15 और अंडर-19 टीम में भी खेल चुकी हैं। बचपन से ही उनके पिता सतीश ने उन्हें क्रिकेट की ओर प्रेरित किया। महज 3-4 साल की उम्र से उन्होंने बेटी को अभ्यास कराना शुरू कर दिया था। मेहनत और निरंतर अभ्यास का ही परिणाम है कि मिस्टी ने हर टूर्नामेंट में बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया और चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा।उन्होंने कोच नितिन और नीतू अग्रवाल से क्रिकेट की बारीकियां सीखीं और वर्तमान में आगरा में कोच केके शर्मा से प्रशिक्षण ले रही हैं। चयन की खबर मिलते ही परिवार में जश्न का माहौल है और मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई गई।

अमीषा की दमदार बल्लेबाजी

गढ़ रोड स्थित फ्रेंड्स क्रिकेट एकेडमी में कोच चेतन रतूड़ी से प्रशिक्षण लेने वाली 22 वर्षीय अमीषा भी सीधे हाथ की आक्रामक बल्लेबाज हैं। कानपुर कैंप में उन्होंने अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। एक मैच में 74 और दूसरे में 51 रन की पारी खेलकर उन्होंने अपनी दावेदारी मजबूत की।शास्त्रीनगर निवासी अमीषा इससे पहले दो बार अंडर-23 टीम में चुनी जा चुकी हैं और हाल ही में यूपी की महिला सीनियर टीम में भी स्थान बना चुकी हैं। किसान परिवार से आने वाली अमीषा पिछले चार वर्षों से लगातार मेहनत कर रही हैं।

मेरठ के लिए गर्व का पल

दोनों खिलाड़ियों के चयन से मेरठ के खेल जगत में खुशी की लहर है। यह उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए प्रेरणा है। मिस्टी और अमीषा की सफलता इस बात का प्रमाण है कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से छोटे शहरों की बेटियां भी बड़े मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *