कासगंज । उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के अमांपुर कस्बे में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एटा रोड स्थित एक बंद मकान के अंदर से एक ही परिवार के पांच लोगों के शव बरामद हुए। दिल दहला देने वाली इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया।

घर का गेट अंदर से बंद था

जानकारी के मुताबिक, पेट्रोल पंप के पीछे रहने वाले 50 वर्षीय सत्यवीर, जो पेशे से वेल्डिंग मिस्त्री थे, अपनी 46 वर्षीय पत्नी रामश्री और तीन बच्चों—14 वर्षीय प्राची, 12 वर्षीय आकांक्षा और 10 वर्षीय गिरीश—के साथ घर में रहते थे।घटना का खुलासा तब हुआ जब नगर का एक व्यक्ति शादी का कार्ड देने उनके घर पहुंचा। घर का गेट अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो शक गहराया। आसपास के लोगों को बुलाया गया और पुलिस को सूचना दी गई।

गेट तोड़कर अंदर घुसी पुलिस, अंदर का दृश्य देख कांप उठे लोग

पुलिस ने दरवाजा तोड़कर जैसे ही घर के भीतर प्रवेश किया, अंदर का नजारा रोंगटे खड़े कर देने वाला था। सत्यवीर का शव फंदे से लटका मिला। पास ही उनकी पत्नी का शव भी फंदे पर था, जबकि तीनों बच्चों के शव जमीन पर पड़े थे।यह मंजर देख मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए। कुछ ही देर में घटना की खबर पूरे कस्बे में आग की तरह फैल गई और घर के बाहर भारी भीड़ जुट गई।

मौके पर पहुंचे एसपी, फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड की जांच

सूचना मिलते ही जिले के पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने घर को सील कर दिया है और किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।

सभी पहलुओं की जांच कर रही

फिलहाल पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के पीछे की असली वजह क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।इस हृदयविदारक घटना से अमांपुर कस्बे में मातम का माहौल है। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *