अलीगढ़। अलीगढ़ के गांधीपार्क थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे शहर को हैरान कर दिया है। शादी के महज एक दिन बाद दूल्हा रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। परिजनों का आरोप है कि वह शादी समारोह में आई एक डांसर के संपर्क में आया और अब उसी के साथ गायब है। नई नवेली दुल्हन ने पति की जान को खतरा बताते हुए पुलिस अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई है।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
अचल रोड स्थित सराय इंतजाम अली निवासी बिलाल की शादी 3 दिसंबर को गाजियाबाद की युवती से धूमधाम से हुई थी। 4 दिसंबर को बहन की शादी से पहले घर में हल्दी-मेहंदी का कार्यक्रम रखा गया था, जिसमें शाहजमाल क्षेत्र की रहने वाली, मूल रूप से सादाबाद (हाथरस) की एक डांसर को बुलाया गया।कार्यक्रम के बाद बिलाल उसे घर छोड़ने गया। यहीं से दोनों के बीच संपर्क बढ़ने की बात सामने आ रही है।
नशा, वीडियो और 10 लाख की मांग?
परिवार का आरोप है कि डांसर ने बिलाल को अपने पास बुलाकर नशा कराया और आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। इसके बाद कथित तौर पर 10 लाख रुपये की मांग कर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी गई। परिजनों का कहना है कि मानसिक दबाव में आकर बिलाल ने आत्महत्या का प्रयास भी किया था।जब परिवार ने डांसर से संपर्क किया तो उसने रकम लिए बिना पीछे न हटने की बात कही।
जयपुर के होटल से मिला सुराग
अब कई दिनों से बिलाल और डांसर दोनों का कोई पता नहीं है। परिवार को एक वीडियो मिला है, जिसे जयपुर के किसी होटल का बताया जा रहा है। इससे मामला और रहस्यमय हो गया है।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित महिला पहले भी युवकों को फंसाने के मामलों में शामिल रही है और एक पुराने आपराधिक प्रकरण में उसका नाम सामने आ चुका है।राजवीर सिंह परमार, एसएचओ गांधीपार्क ने बताया कि फिलहाल उन्हें औपचारिक तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दहशत और चर्चा
घटना के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। नई दुल्हन सदमे में है और परिवार युवक की सुरक्षित बरामदगी की मांग कर रहा है।फिलहाल पुलिस शिकायत का इंतजार कर रही है। मामला प्रेम, ब्लैकमेलिंग या साजिश—किस दिशा में जाएगा, यह जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।
