रांची । झारखंड में दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। यहां के चतरा जिले में सोमवार शाम एक ऐसी त्रासदी हुई जिसने पूरे देश को दहला दिया। रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एम्बुलेंस उड़ान भरने के महज कुछ मिनट बाद ही मौत की उड़ान साबित हुई। सिमरिया प्रखंड के बरियातू पंचायत क्षेत्र के घने जंगलों में विमान आग के गोले की तरह गिरा और उसमें सवार सभी सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

20 मिनट में टूटा संपर्क… और फिर सन्नाटा

डीजीसीए के अनुसार, बीचक्राफ्ट C90 (VT-AJV) विमान ने शाम 7:11 बजे रांची से उड़ान भरी थी। 7:34 बजे कोलकाता एटीसी से संपर्क के बाद अचानक रडार से गायब हो गया। एयर ट्रैफिक कंट्रोल को कुछ समझ आता, उससे पहले ही आसमान में उड़ा यह जीवन रक्षक विमान मलबे में बदल चुका था।रांची एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने कहा कि उड़ान के करीब 20 मिनट बाद संपर्क टूट गया। शुरुआती आशंका खराब मौसम की जताई जा रही है, लेकिन असली वजह जांच के बाद सामने आएगी।

घने जंगल में बिखरा मलबा, शवों की बरामदगी

चतरा की उपायुक्त कीर्तिश्री ने पुष्टि की कि विमान सिमरिया के कसरिया/बरियातू पंचायत के घने जंगल में गिरा। राहत और बचाव दल ने देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाकर सातों शव बरामद किए। पूरा इलाका सील कर दिया गया है।

कौन थे वो 7 लोग जो लौटकर नहीं आए?

विवेक विकास भगत – पायलट

सबराजदीप सिंह – पायलट

संजय कुमार (41) – गंभीर रूप से झुलसे मरीज

अर्चना देवी – परिजन

धूरू कुमार – परिजन

विकास कुमार गुप्ता – डॉक्टर

सचिन कुमार मिश्रा – नर्स

बेहतर इलाज की उम्मीद… और बीच रास्ते खत्म हो गई सांसें

रांची के देवकमल अस्पताल के सीईओ अनंत सिन्हा के मुताबिक, 65% तक झुलसे लातेहार निवासी संजय कुमार को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था। परिवार ने उम्मीद के साथ एयर एम्बुलेंस बुक कराई थी। लेकिन किसे पता था कि यह सफर आखिरी साबित होगा।

जांच शुरू, एएआईबी टीम रवाना

डीजीसीए ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि विमान मेडिकल इवैक्यूएशन फ्लाइट पर था। जिला प्रशासन के साथ विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की टीम को जांच के लिए रवाना कर दिया गया है।डीजीसीए की वेबसाइट के अनुसार, रेडबर्ड के बेड़े में छह विमान हैं, जिनमें यह हादसे का शिकार विमान भी शामिल था।झारखंड की इस भयावह विमान दुर्घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या खराब मौसम था जिम्मेदार? क्या तकनीकी खराबी बनी काल? या फिर कोई और वजह?देश अब जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है…

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *