कानपुर । यूपी में Kanpur के कल्याणपुर निवासी विकास गुप्ता ने पारिवारिक विवाद के बाद अपनी 13 वर्षीय बेटी वेदिका के साथ ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना सोमवार रात करीब नौ बजे शुक्लागंज के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र स्थित सहजनी रेलवे क्रॉसिंग के पास कानपुर-लखनऊ रेल मार्ग पर हुई।
रेलवे ट्रैक पर पिता-पुत्री के शव मिलने से मचा हड़कंप
रेलवे ट्रैक पर पिता-पुत्री के शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना गेटमैन ने स्टेशन मास्टर को दी, जिसके बाद आरपीएफ, जीआरपी और गंगाघाट पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शव ट्रैक पर करीब तीन मीटर की दूरी पर पड़े मिले। किशोरी का सिर और बायां हाथ धड़ से अलग हो गया था।
100 मीटर दूर मिली कार
घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूर एक लावारिस कार खड़ी मिली, जो लॉक थी। कार के अंदर दो पर्स और दो मोबाइल फोन रखे थे। मृतक विकास की कमर में चाबी का गुच्छा भी मिला। आशंका जताई जा रही है कि वही चाबी कार की थी।कार विकास के साले यश गुप्ता (हरबंश मोहाल कछियाना, कानपुर) के नाम पंजीकृत बताई गई है।
चार घंटे बाद हुई पहचान
घटना के करीब चार घंटे बाद पुलिस दोनों की शिनाख्त कर सकी। बताया गया कि विकास वर्तमान में सहजनी क्षेत्र में रह रहे थे। सूचना पर उनकी पत्नी डॉली देर रात थाने पहुंचीं, जहां पति और बेटी की मौत की खबर सुनकर वह बेहोश हो गईं।
ससुराल में विवाद के बाद डॉली मायके चली आई थीं
परिजनों के अनुसार, ससुराल में विवाद के बाद डॉली मायके चली आई थीं। सोमवार को मायके में भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। पुलिस का कहना है कि इसके बाद ही विकास अपनी बेटी को साथ लेकर घर से निकले और यह कदम उठा लिया।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
मौके पर कार, मोबाइल और चाबी मिलने के बावजूद पहचान में चार घंटे लगने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस एप के माध्यम से वाहन का विवरण तुरंत प्राप्त किया जा सकता था, लेकिन नेटवर्क और एप न चलने का हवाला दिया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस के बीच पंचनामा कार्रवाई को लेकर भी समन्वय की कमी दिखी।
ट्रेनों का संचालन प्रभावित
शव ट्रैक पर पड़े होने के कारण करीब 33 मिनट तक तेजस एक्सप्रेस सहजनी रेलवे क्रॉसिंग पर और 14 मिनट तक गोमती एक्सप्रेस गंगाघाट स्टेशन पर खड़ी रही।पुलिस ने दोनों शवों को उन्नाव पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस पारिवारिक विवाद के पहलू की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
यह भी पढ़े : तंगहाली की मार: अमांपुर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से सन्नाटा
यह भी पढ़े: बीएचयू में ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप, बिरला हॉस्टल के बाहर छात्र पर 4 राउंड गोलीबारी
यह भी पढ़े : नौ साल बाद मुस्कुराए शिक्षामित्र: विधानसभा में सीएम की घोषणा से मानदेय लगभग दोगुना
