रायबरेली। खुशियों के सफर पर निकला एक परिवार कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। रायबरेली जिले के परशदेपुर क्षेत्र स्थित किरहीनाला गोपालपुर गांव के पास बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। पहले वह जोरदार धमाके के साथ पेड़ से टकराई और फिर उछलकर गहरे खड्ड में जा पलटी।

अंदर बैठे तीनों लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। अंदर बैठे तीनों लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में पिता, पुत्र और उनके मामा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।बताया जा रहा है कि तीनों बुलंदशहर से प्रतापगढ़ एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। युवक अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए बेहद उत्साहित था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

तीन लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग दौड़े और कार में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

“””””””””””

निर्माणाधीन पुलिया में गिरने से बाइक सवार की मौत,एक घायल

उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के थाना दोस्तपुर क्षेत्र के कामतागंज में मोटर साईकिल सवार दो युवक निर्माणाधीन पुलिया में गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।यह हादसा पुलिया निर्माण करा रहे ठेकेदार द्वारा सड़क को मिट्टी से अवरुद्ध करने के कारण हुआ। घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर में भर्ती कराया गया है।

मिट्टी का ढेर लगाकर मार्ग को अवरुद्ध कर रखा था

जानकारी के अनुसार, मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के ढेमा गांव निवासी विनय (32 ) पुत्र स्व. भिलाई और सुरजीत (30 ) पुत्र जमुना प्रसाद दोस्तपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में रिश्तेदारी से बीती रात लौट रहे थे। जब वे दोस्तपुर-नेमपुर मार्ग पर कामतागंज के पास पहुंचे, तो वहां एक पुलिया का निर्माण कार्य चल रहा था। ठेकेदार ने सड़क के बीच में मिट्टी का ढेर लगाकर मार्ग को अवरुद्ध कर रखा था। इसी अवरोध के कारण बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराई और पलट गई।

हेलमेट न पहनने के कारण दोनों को सिर में गंभीर चोटें आईं

हादसे में दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हेलमेट न पहनने के कारण दोनों को सिर में गंभीर चोटें आईं। विनय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुरजीत का एक पैर फ्रैक्चर हो गया। इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल मे भर्ती कराया गया उसके बाद हायर सेन्टर अम्बेडकर नगर रेफर कर दिया गया है ।स्थानीय लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने बुधवार को बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *