एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य रिंकू सिंह और मछलीशहर (जौनपुर) से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज जून महीने में विवाह बंधन में बंधेंगे। दोनों की सगाई 8 जून 2025 को लखनऊ में हुई थी। बरात लखनऊ जाएगी या वाराणसी, इस पर जल्द ही अंतिम मुहर लगने की संभावना है। इसकी पुष्टि रिंकू सिंह के परिजनों ने की है।

सगाई समारोह में अखिलेश यादव रहे मौजूद

लखनऊ में हुई सगाई समारोह में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला सहित कई सांसद, विधायक और विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे थे। पहले दोनों की शादी 18 नवंबर 2025 को वाराणसी में तय थी, लेकिन रिंकू सिंह के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के चलते इसे टाल दिया गया।इसके बाद फरवरी 2026 में नई तारीख तय की गई, लेकिन टी-20 विश्वकप (फरवरी–मार्च) और आईपीएल (मार्च–मई) के कार्यक्रम के कारण अब शादी जून 2026 में होगी।

शादी के बाद अलीगढ़ में भव्य दावत आयोजित की जाएगी

रिंकू सिंह के बड़े भाई सोनू सिंह ने बताया कि शादी की तैयारियां चल रही हैं और आयोजन की जिम्मेदारी एक इवेंट कंपनी को दी गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल रिंकू भारतीय टीम के साथ विश्वकप खेलेंगे और इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की ओर से आईपीएल में हिस्सा लेंगे। शादी के बाद अलीगढ़ में भव्य दावत आयोजित की जाएगी।रिंकू सिंह के पास इस समय तीन महंगी गाड़ियां हैं। नवंबर 2025 में उन्होंने मर्सिडीज कार खरीदी थी, जिसे प्रिया सरोज के जन्मदिन पर लिया गया था। इससे पहले वह फॉर्च्यूनर और ब्रेजा गाड़ी भी खरीद चुके हैं।

क्रिकेटर, फिल्मी सितारे और समाजसेवी शामिल होने की संभावना

सगाई से पहले रिंकू सिंह के पिता खानचंद्र ने गैस सिलिंडर ढोने का काम छोड़ दिया था और उस सर्वेंट क्वार्टर को भी खाली कर दिया था, जहां वे पिछले 25 वर्षों से रह रहे थे। अब परिवार करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये के बंगले में रह रहा है।रिंकू सिंह ने वर्ष 2023 के आईपीएल में गुजरात टाइटंस के खिलाफ यश दयाल की पांच गेंदों पर पांच छक्के लगाकर देशभर में पहचान बनाई थी। इसके बाद वे तेजी से क्रिकेट के उभरते सितारे बन गए। इस शादी समारोह में देशभर के प्रमुख राजनेता, क्रिकेटर, फिल्मी सितारे और समाजसेवी शामिल होने की संभावना है।

रिंकू सिंह का जन्म 12 अक्टूबर 1997 को अलीगढ़ में हुआ

यह रिश्ता दोनों परिवारों की सहमति और स्नेह से तय हुआ है। प्रिया सरोज पेशे से अधिवक्ता हैं और दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते हैं।रिंकू सिंह का जन्म 12 अक्टूबर 1997 को अलीगढ़ के एक साधारण परिवार में हुआ। उनके पिता गैस एजेंसी में सिलिंडर वितरण का काम करते थे। रिंकू ने भी शुरुआती दिनों में पिता के साथ काम किया और संघर्ष के दम पर क्रिकेट में ऊंचा मुकाम हासिल किया।डीपीएस मैदान पर आयोजित इंटरनेशनल स्कूली विश्वकप में मैन ऑफ द सीरीज बनने के बाद उनके क्रिकेट करियर ने नई दिशा पकड़ी और आईपीएल के जरिए वे राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित हुए।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *