लखनऊ । याेगी आदित्यनाथ ने शनिवार को किसानों को बड़ी राहत देते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खरीफ-2025) के तहत 2.51 लाख किसान परिवारों को 285 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति सीधे खातों में ट्रांसफर की। साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के 3,500 लाभार्थी परिवारों को 175 करोड़ रुपये की सहायता दी। एक क्लिक में कुल 460 करोड़ रुपये डीबीटी के जरिए किसानों तक पहुंचे।
“डबल इंजन सरकार किसानों के साथ”
सीएम ने होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सूखा-अतिवृष्टि जैसी आपदाओं में फसल बीमा संबल बनता है—बीमा कराया है तो नुकसान पर रिटर्न भी मिलेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार मजबूती से अन्नदाताओं के साथ खड़ी है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त कर दी गई है।
दुर्घटना में 5 लाख की सहायता
मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत अब किसान के साथ-साथ परिवार के सदस्य, सह-किसान और बटाईदार भी कवर हैं। दुर्घटना में मृत्यु पर 5 लाख रुपये की सहायता दी जाती है। इससे पहले 16 जून 2025 को 11,690 लाभार्थियों को 561.86 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि राशि शीघ्र खातों में पहुंचे।
आपदा प्रबंधन को नई मजबूती
राज्य आपदा मोचक निधि (2025-26): 876 करोड़ रुपये आवंटित।
कृषि निवेश अनुदान: 5,14,322 किसानों को 260 करोड़ रुपये।
जनहानि सहायता: 5,398 पीड़ितों को 216 करोड़ रुपये।
मकान क्षति: 27,448 प्रभावितों को 24 करोड़ रुपये।
सीएम ने कहा कि लक्ष्य है—आपदा के 24 घंटे के भीतर राहत राशि खाते में पहुंचे।
डॉप्लर राडार और वेदर नेटवर्क
लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, झांसी और आजमगढ़ में डॉप्लर वेदर राडार स्थापित किए जाएंगे। प्रदेश में 450 ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन और ब्लॉक स्तर पर 2,000 ऑटोमेटिक रेन गेज लगाने की प्रक्रिया लगभग पूरी है—ताकि आकाशीय बिजली व भारी वर्षा का पूर्वानुमान समय से मिल सके।
‘आपदा मित्र’ को प्राथमिकता, बीमा कवर भी
प्रदेश में 25 जनपदों के 29,772 युवा स्वयंसेवकों (एनसीसी/एनएसएस/एनवाईकेएस/भारत स्काउट-गाइड) को प्रशिक्षण से जोड़ा गया है।
10 फरवरी को आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने National Insurance Company के साथ एमओयू कर ‘आपदा मित्र’ को 3 वर्ष के लिए 5 लाख रुपये का बीमा कवर दिया।
अब तक 2,959 स्वयंसेवक प्रशिक्षित; कुल 19,000 आपदा मित्रों को प्रशिक्षित किया जा चुका है।
45,000 होमगार्ड भर्ती में आपदा मित्रों को प्राथमिकता; होमगार्ड बनने पर मानदेय मिलेगा।
स्नातक/परास्नातक विद्यार्थियों के लिए दो वर्षीय आपदा प्रबंधन इंटर्नशिप भी संचालित।
नए प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास
सीएम ने बागपत, शामली, कासगंज, भदोही में उप कृषि निदेशक कार्यालय व मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं, मऊरानीपुर (झांसी) में 50 शैय्या छात्रावास तथा लखनऊ में स्मार्ट कृषि ब्यूरो स्टूडियो इकाई का शिलान्यास किया।
