नई दिल्ली। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं आज से शुरू हो रही हैं। कक्षा 10वीं का पहला पेपर गणित (मैथ्स) का होगा, जबकि 12वीं के छात्रों के लिए बायोटेक्नोलॉजी और शॉर्ट हैंड से परीक्षा की शुरुआत होगी। बोर्ड ने परीक्षार्थियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश और एडवाइजरी भी जारी कर दी है।

समय से पहले पहुंचे परीक्षा केंद्र

सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि सभी छात्रों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 10 बजे या उससे पहले पहुंचना अनिवार्य होगा, ताकि परीक्षा समय पर और सुचारू रूप से शुरू की जा सके। देर से पहुंचने वाले छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

10वीं बोर्ड परीक्षा में बड़ा बदलाव

इस वर्ष से 10वीं की बोर्ड परीक्षा में बड़ा बदलाव किया गया है। अब परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाएगी। दूसरी परीक्षा 15 मई से 1 जून के बीच संभावित है। इससे छात्रों को प्रदर्शन सुधारने और बेहतर अंक प्राप्त करने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा।

विषय कोड और प्रश्नपत्र को लेकर सख्ती

बोर्ड ने निर्देश दिया है कि छात्रों को वही प्रश्नपत्र दिया जाए जो उनके एडमिट कार्ड में दर्ज विषय और कोड के अनुसार हो।

यदि किसी छात्र के एडमिट कार्ड में गणित (स्टैंडर्ड) दर्ज है, तो उसे गणित (बेसिक) का प्रश्नपत्र नहीं दिया जा सकता।

यही नियम अंग्रेजी, हिंदी, संस्कृत, उर्दू सहित अन्य विषयों पर भी लागू होगा, जहां अलग-अलग पाठ्यक्रम के लिए अलग कोड निर्धारित हैं।

गलत विषय पर परीक्षा देने पर होगी कार्रवाई

यदि कोई छात्र अपने एडमिट कार्ड में दर्ज विषय के अलावा किसी अन्य विषय की परीक्षा देता है, तो उसे उस विषय में “अनुपस्थित” माना जाएगा। ऐसी स्थिति में उसकी परीक्षा रद्द कर दी जाएगी और परिणाम उसी आधार पर तैयार होगा।

स्कूलों पर भी रहेगी नजर

सीबीएसई ने साफ किया है कि जो स्कूल बोर्ड के निर्देशों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। स्कूल प्रशासन को सुनिश्चित करना होगा कि छात्रों को सही विषय का ही प्रश्नपत्र दिया जाए, ताकि परीक्षा रद्द होने जैसी स्थिति न बने।बोर्ड की यह सख्ती परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *