नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026‑27 पेश करते हुए उपभोक्ताओं, निवेशकों और छोटे करदाताओं के लिए कई राहतों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस वित्त वर्ष में राजकोषीय घाटा जीडीपी का 4.3 प्रतिशत रहने का अनुमान है।बजट में उपभोक्ताओं को राहत देते हुए शराब और बीड़ी की कीमतें कम करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा, जूते, कपड़े और बैटरियों की कीमतों में भी कमी आएगी।
7 दुर्लभ बीमारियों की दवाओं की कीमतें सस्ती होंगी
स्वास्थ्य क्षेत्र में 17 कैंसर की दवाओं और 7 दुर्लभ बीमारियों की दवाओं की कीमतें सस्ती होंगी, जबकि दवाओं और चिकित्सा उपकरणों पर सीमा शुल्क में कटौती की जाएगी। सीएनजी और बायोगैस की कीमतें भी घटाई जाएंगी, जिससे वाहन मालिकों को फायदा मिलेगा।विदेशी निवेशकों और विदेशियों के लिए भी कई राहतें दी गई हैं। भारत में पांच साल तक रहने वाले विदेशी नागरिकों को उनकी गैर‑भारत आय पर कर छूट दी जाएगी। इसके अलावा, भारत में डेटा सेंटर चलाने वाली विदेशी क्लाउड कंपनियों को 2047 तक टैक्स अवकाश मिलेगा।
शून्य टीडीएस कटौती प्रमाणपत्र सीधे प्राप्त किए जा सकेंगे
छोटे करदाताओं के लिए नियम आधारित स्वचालित प्रक्रिया लागू की जाएगी। इसके तहत कम या शून्य टीडीएस कटौती प्रमाणपत्र सीधे प्राप्त किए जा सकेंगे। जिन निवेशकों के पास कई कंपनियों की प्रतिभूतियां हैं, उनके लिए डिपॉजिटरी को अनुमति दी जाएगी कि वे फॉर्म 15G/15H सीधे संबंधित कंपनियों को भेज सकें।कर प्रणाली में सुधारों के तहत अब आय छिपाने पर जेल की सजा नहीं होगी। केवल 30 प्रतिशत कर लगेगा। वहीं, अनिवासी भारतीयों द्वारा संपत्ति बेचने पर टीडीएस नियम भी सरल किए गए हैं। अब कटौती निवासी खरीदार करेगा और इसके लिए टैक्स अकाउंट नंबर की आवश्यकता नहीं होगी।
