आगरा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार को कंबल में लिपटा मिला महिला का शव महोबा निवासी सोनाली का निकला। इस सनसनीखेज हत्या की गुत्थी पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से सुलझाई है। पुलिस के मुताबिक, सोनाली की हत्या उसके प्रेमी सनी ने ही पीछा छुड़ाने के लिए की थी और शव को यमुना एक्सप्रेस-वे पर फेंक दिया था। इस मामले में रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

सौरई गांव के पास राहगीरों ने कंबल में लिपटा शव देखा

शुक्रवार दोपहर खंदौली टोल प्लाजा से करीब दो किलोमीटर आगे सौरई गांव के पास राहगीरों ने कंबल में लिपटा शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को शव के पैरों में बिछुए, मांग में सिंदूर, कानों में बाली और हाथ में अंगूठी मिली। मृतका के हाथ पर “सनी” और “आर.एस.” गुदा हुआ था। चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोटों के कारण चेहरा बुरी तरह विकृत हो चुका था, जिससे पहचान कर पाना बेहद मुश्किल था।

पुलिस ने AI तकनीक का सहारा लिया

इसके बाद डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य कुमार के निर्देश पर पुलिस ने AI तकनीक का सहारा लिया। मृतका के क्षत-विक्षत चेहरे को आधार बनाकर एआई से एक संभावित तस्वीर तैयार कराई गई। इस तस्वीर को सोशल मीडिया और पुलिस के विभिन्न ग्रुपों में साझा किया गया। सोशल मीडिया पर मिली प्रतिक्रिया के आधार पर तस्वीर सोनाली नाम की महिला से मेल खा गई।सोशल मीडिया अकाउंट की जांच में पहले मध्यप्रदेश की लोकेशन सामने आई, लेकिन आईपी एड्रेस ट्रेस करने पर पता चला कि सोनाली दिल्ली में रह रही थी। उसके सोशल मीडिया अकाउंट दो दिन से निष्क्रिय थे, जिससे पुलिस का शक और गहराया।

सोनाली विजयनगर महोबा की रहने वाली थी

जांच में सामने आया कि सोनाली विजयनगर महोबा की रहने वाली थी और शादी के बाद वह अपने पति को छोड़ महोबा निवासी सनी के साथ रहने लगी थी। दोनों दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में किराये के मकान में रह रहे थे। पुलिस जब वहां पहुंची तो मकान बंद मिला, लेकिन पड़ोसियों ने मृतका की पहचान सोनाली के रूप में कर दी।पड़ोसियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस नोएडा पहुंची, जहां सनी के भाई के बारे में पता चला। कई जगह दबिश के बाद पुलिस ने आरोपी सनी को पकड़ लिया और उसे गिरफ्तार कर आगरा लाया जा रहा है।

सनी का कई आपराधिक गिरोहों से संपर्क

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि सनी आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके कई आपराधिक गिरोहों से संपर्क रहे हैं। वह सोनाली से छुटकारा पाना चाहता था और इसी वजह से उसने उसकी हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस अधिकारियों को आरोपी की कहानी पूरी तरह विश्वसनीय नहीं लग रही है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि हत्या कहां और कैसे की गई, शव को ठिकाने लगाने में कौन-कौन शामिल था और वह किस वाहन से यमुना एक्सप्रेस-वे तक पहुंचा।डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य कुमार ने बताया कि महिला की शिनाख्त और आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है। पूछताछ के बाद हत्या के पीछे की असली वजह और पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *