कानपुर । बिठूर महोत्सव के पहले दिन नानाराव पेशवा स्मारक पार्क सुरों, संस्कृति और उत्साह से सराबोर नजर आया। जैसे ही मशहूर गायक डॉ. पलाश सेन अपने बैंड Euphoria के साथ मंच पर पहुंचे और “मां तुझे प्रणाम…” की प्रस्तुति दी, पूरा पंडाल तालियों और उत्साह से गूंज उठा। इसके बाद “तू ही मेरी जिंदगी…”, “मंगल भवन अमंगल हारी…”, “श्रीराम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में…”, “कभी आना तू मेरी गली…” और “आगे जाने राम क्या होगा…” जैसे गीतों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा।

प्रभारी मंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद राजकीय बालिका गृह सूर्य विहार की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। 13 छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सामूहिक शिव तांडव ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिव की भूमिका में छात्रा नेहा की प्रभावशाली प्रस्तुति पर खूब तालियां बजीं, वहीं छात्रा दीपा ने “हे गुरुदेव प्रणाम आपके चरणों में” गीत पर भावपूर्ण नृत्य कर सभी को भावविभोर कर दिया।

देहाती ठग्गू के लड्डू जैसे उत्पादों की खरीदारी भी जमकर हुई

महोत्सव में उद्यान विभाग द्वारा लगाई गई पुष्प प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। करीब 70 प्रजातियों के फूलों—डहेलिया, गजेनिया, परेनियम, कैलुंडला और डॉग फ्लावर—को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी रही। स्वयं सहायता समूहों के स्टालों पर लेदर उत्पाद, काष्ठ कला, हैंडलूम, हस्तशिल्प और देहाती ठग्गू के लड्डू जैसे उत्पादों की खरीदारी भी जमकर हुई।सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में जयपुर के अलंकार म्यूजिकल ग्रुप ने कच्ची घोड़ी नृत्य और पपेट शो से दर्शकों का मन मोह लिया। देश-विदेश में करीब 20 देशों में प्रस्तुति दे चुके इस दल ने रंगारंग अंदाज में लोक संस्कृति की छटा बिखेरी।

रक्षा क्षेत्र की झलक भी महोत्सव में देखने को मिली

रक्षा क्षेत्र की झलक भी महोत्सव में देखने को मिली। आयुध निर्माणी की ओर से लेह-लद्दाख में माइनस 50 डिग्री सेल्सियस में पहने जाने वाले मल्टीपर्पज सैनिक बूट, मरुस्थल क्षेत्र के लिए विशेष कॉम्बेट बूट और सामान्य क्षेत्र के लिए डिस्टेड कॉम्बेट बूट प्रदर्शित किए गए। एनएसजी कमांडो की बुलेटप्रूफ जैकेट ने भी लोगों का ध्यान खींचा।वहीं छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के फाइन आर्ट्स विभाग के छात्रों ने तात्या टोपे, रानी लक्ष्मीबाई, भगत सिंह, महर्षि वाल्मीकि, लवकुश वाटिका और महाकालेश्वर मंदिर जैसे ऐतिहासिक व पौराणिक प्रसंगों को कैनवास पर उकेर कर सराहना बटोरी।

महोत्सव में ये रहे मौजूद

महोत्सव में महापौर प्रमिला पांडेय, सांसद रमेश अवस्थी, विधायक अभिजीत सिंह सांगा, नीलिमा कटियार, सरोज कुरील, एमएलसी सलिल विश्नोई, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और सीडीओ दीक्षा जैन समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।कुल मिलाकर, बिठूर महोत्सव का पहला दिन संगीत, भक्ति, कला, हस्तशिल्प और देशभक्ति के रंगों से सराबोर रहा, जिसने दर्शकों को एक यादगार सांस्कृतिक अनुभव प्रदान किया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *