लखनऊ।मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध नशा कारोबार के खिलाफ जनमानस को जागरूक करने के उद्देश्य से एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) मुख्यालय, लखनऊ द्वारा शुक्रवार को एक पैदल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली जयपुरिया स्कूल से प्रारंभ होकर विराट चौराहा होते हुए हैनीमैन चौराहे तक निकाली गई और पुनः जयपुरिया स्कूल पर संपन्न हुई।

नशे के खिलाफ सामाजिक चेतना को मजबूत करना रहा

नशामुक्ति जागरूकता अभियान के तहत आयोजित इस रैली का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक, एएनटीएफ राजेश कुमार श्रीवास्तव ने किया। यह कार्यक्रम पुलिस महानिरीक्षक, एएनटीएफ के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। रैली का मुख्य उद्देश्य आम जनता, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा नशे के खिलाफ सामाजिक चेतना को मजबूत करना रहा।

सामाजिक नुकसान की जानकारी दी गई

रैली में जयपुरिया स्कूल के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता संदेश देते हुए नारों और संदेश पट्टिकाओं के माध्यम से लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया। एएनटीएफ कर्मियों द्वारा मार्ग में आम नागरिकों को हैंडबिल वितरित कर नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी गई।

हेल्पलाइन नंबर 1933 के बारे में भी लोगों को जागरूक किया

इस दौरान एएनटीएफ द्वारा केंद्र सरकार के ‘मानस पोर्टल’ हेल्पलाइन नंबर 1933 के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया, ताकि मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी सूचना, शिकायत या सहायता के लिए आमजन इस हेल्पलाइन का उपयोग कर सकें।

ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे

पुलिस अधीक्षक, एएनटीएफ राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नशे के विरुद्ध यह लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जा रहा है और भविष्य में भी ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *