कानपुर। शराब के नशे ने एक पिता को ऐसा दरिंदा बना दिया कि उसने अपनी ही एक साल की मासूम बेटी को मौत के मुंह में धकेल दिया। कानपुर के मसवानपुर इलाके से सामने आई इस दिल दहला देने वाली घटना में एक बच्ची ने करीब एक महीने तक जिंदगी और मौत से जंग लड़ी, लेकिन आखिरकार शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।मासूम की मौत से आक्रोशित मां बच्ची का शव गोद में लेकर मायके पक्ष के लोगों के साथ ससुराल पहुंची और जमकर हंगामा किया। मां ने पति पर बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
शराब, मारपीट और मासूम पर जुल्म
नवाबगंज सूर्य विहार निवासी रामसिंह के अनुसार उनकी बेटी रुचि ने 16 सितंबर 2024 को रावतपुर मसवानपुर निवासी ई-रिक्शा चालक गोपाल गुप्ता से प्रेम विवाह किया था। दोनों सूर्य विहार में किराये के मकान में रह रहे थे। आरोप है कि गोपाल शराब का लती था और आए दिन रुचि के साथ मारपीट करता था।
रुचि का आरोप है कि करीब एक माह पहले शराब के नशे में धुत गोपाल ने पहले उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर एक साल की बेटी सृष्टि को उठाकर ठंडे पानी से भरे टब में डाल दिया। इसके बाद बच्ची की हालत बिगड़ गई।
महीने भर चली मौत से जंग
घटना के बाद रुचि ने मासूम को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बच्ची करीब एक महीने तक जिंदगी की जंग लड़ती रही। इसी बीच रुचि मायके आकर रहने लगी। शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई।
शव लेकर ससुराल पहुंची मां, मचा हंगामा
मासूम की मौत से गुस्साई रुचि परिजनों के साथ बच्ची का शव लेकर रावतपुर स्थित ससुराल पहुंची और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची रावतपुर थाना पुलिस ने स्थिति को संभाला और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पोस्टमार्टम में नहीं खुला राज, विसरा सुरक्षित
रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, इसलिए विसरा सुरक्षित किया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
