लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अमेरिका के साथ हुए अंतरिम व्यापार समझौते (US-India Interim Trade Deal) को लेकर भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस समझौते से देश के घरेलू उद्योगों और किसानों को नुकसान पहुंचेगा।

500 अरब डॉलर का बाजार अमेरिका को सौंपा गया

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने भारत के करीब 500 अरब डॉलर के विशाल उपभोक्ता बाजार को अमेरिका के हवाले कर दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार का बहुप्रचारित ‘मेक इन इंडिया’ अभियान अब दम तोड़ चुका है और उसका प्रतीकात्मक शेर “जंग खा चुका है।”सपा प्रमुख ने सरकार की नीतियों में विरोधाभास बताते हुए कहा कि एक ओर हवाई अड्डों पर मोटे अनाज (मिलेट्स) को बढ़ावा देने के विज्ञापन लगाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इन्हीं उत्पादों का आयात विदेशों से किया जा रहा है। उन्होंने इसे घरेलू कृषि और किसानों के हितों के खिलाफ बताया।

विदेशी कंपनियों को फायदा पहुंचाया जा रहा

अखिलेश यादव ने ‘घास एवं चारा अनुसंधान संस्थान’ का हवाला देते हुए कहा कि पशु आहार का आयात स्थानीय स्तर पर हो रहे प्रयासों को बर्बाद कर रहा है। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन का कार्य मुख्य रूप से पिछड़े और दलित वर्ग के लोग करते हैं, लेकिन सरकार की नीतियों से उन्हें लाभ मिलने के बजाय विदेशी कंपनियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है।सपा प्रमुख ने यह भी आरोप लगाया कि जब देश में महंगाई, रोजगार और व्यापार जैसे बुनियादी मुद्दों पर सवाल उठते हैं, तो भाजपा सरकार जानबूझकर सावरकर जैसे विषयों को बहस में ले आती है, ताकि जनता का ध्यान वर्तमान समस्याओं से हटाकर इतिहास में उलझाया जा सके।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *