लखनऊ। उत्तर प्रदेश में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है। एएनटीएफ यूनिट वाराणसी की टीम ने लखनऊ के गोमती नगर विस्तार थाना क्षेत्र से 430 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ आरोपी को दबोच लिया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 86 लाख रुपये बताई जा रही है।
एनटीएफ लखनऊ के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था), अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध) के निर्देशों एवं पुलिस महानिरीक्षक एएनटीएफ लखनऊ के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मो0 खालीद (55 वर्ष) पुत्र स्व. अब्दुल जब्बार, निवासी मंगरवाल पोस्ट बैरोली मालिक, थाना सतरिक, जनपद बाराबंकी के रूप में हुई है।
कहां और कैसे हुई गिरफ्तारी
बता दें कि 06 फरवरी 2026 को एएनटीएफ यूनिट वाराणसी की टीम ने रामआसरेपुरवा से गीतापुरी चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर, श्याम मोटर्स के सामने, थाना गोमती नगर विस्तार क्षेत्र में संदिग्ध को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 430 ग्राम अवैध हेरोइन, एक मोबाइल फोन, 500 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि वह बाराबंकी जिले के एक व्यक्ति से हेरोइन सस्ते दामों में खरीदता था। इसके बाद वह नशीले पदार्थ की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर लखनऊ और आसपास के इलाकों में चौराहों पर घूम-घूमकर ग्राहकों को ऊंचे दामों पर बेचता था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह बरामद हेरोइन को लखनऊ में बेचने के लिए ले जा रहा था, तभी एएनटीएफ टीम ने उसे पकड़ लिया।
कानूनी कार्रवाई
इस संबंध में थाना गोमती नगर विस्तार, कमिश्नरेट लखनऊ में मु0अ0सं0 23/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
एएनटीएफ यूनिट वाराणसी की टीम में शामिल अधिकारी/कर्मचारी— उ0नि0 आदित्य नारायण सिंह, मु0आ0 सुनील कुमार त्रिपाठी, मु0आ0 इन्द्रजीत कुमार, आरक्षी शक्तिधर पाण्डेय, आरक्षी आशुतोष त्रिपाठीसर्विलांस सहयोग में उ0नि0 राजेश मिश्रा, साइबर प्रभारी, एएनटीएफ मुख्यालय लखनऊ पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क, सप्लायर और अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश में जुट गई है।
