लखनऊ। लखनऊ की राजधानी में सोमवार देर रात ससुराल पहुंचे युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उसके भाई के सामने अंजाम दी गई, जिससे गांव में दहशत फैल गई।घटना काकोरी थाना क्षेत्र के लालताखेड़ा गांव की है। मृतक की पहचान रामसागर (24) पुत्र इंदल निवासी माधौटांडा, जिला पीलीभीत के रूप में हुई है।
पत्नी को विदा कराने आया था
मृतक के भाई राहुल गौतम के अनुसार, रामसागर का दिसंबर 2024 में कामिनी पुत्री भीमा गौतम से प्रेम विवाह हुआ था। विवाह के बाद कामिनी कुछ समय ससुराल में रही, लेकिन बाद में उसके परिजन उसे वापस लालताखेड़ा ले गए। आरोप है कि परिजन उसकी दूसरी शादी कराने की तैयारी कर रहे थे।16 फरवरी 2026 की रात करीब 10 बजे रामसागर अपने भाई राहुल के साथ पत्नी को विदा कराने ससुराल पहुंचा था। गांव के बाहर बाग के पास बातचीत के दौरान विवाद हो गया।
चाकू से किए गए कई वार
आरोप है कि कामिनी के पिता भीमा गौतम, उसके बेटे सुमित व अमित तथा पंकज उर्फ बल्ले (निवासी लोनहा, थाना बंथरा) ने एकराय होकर रामसागर और राहुल के साथ गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान सुमित ने रामसागर पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। बीच-बचाव में राहुल को भी पीटा गया।घायल रामसागर को 108 एंबुलेंस से सीएचसी सरोजनीनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कार्रवाई
सूचना मिलते ही सहायक पुलिस आयुक्त काकोरी और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मौके पर खून के धब्बे मिले।थाना काकोरी में मु0अ0सं0 58/2026 धारा 103(1)/115(2)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद चारों आरोपियों—पंकज, सुमित, अमित और भीमा गौतम—को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी है। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।पुलिस के अनुसार, वर्तमान में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
