संभल। उत्तर प्रदेश के संभल के रायसत्ती थाना क्षेत्र के मोहल्ला जगत निवासी मुकीम खां के बेटे हमजा (16) ने रविवार की शाम करीब 4 बजे फंदे से लटक कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। यह दर्दनाक घटना उस समय हुई जब परिवार अपनी बेटी की विदाई समारोह में व्यस्त था।पड़ोसियों ने घर में हमजा को फंदे से लटका देखा और परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बहन की शादी के खुशियों के बीच बेटे की मौत से मचा कोहराम
घटना से पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पिता मुकीम खां ने बताया कि बेटी की विदाई पूरी हो चुकी थी और मेहमान भी लौट रहे थे। वहीं, बहन की शादी के खुशियों के बीच बेटे की मौत ने परिवार और रिश्तेदारों का मनोबल टूट गया।परिजन और पड़ोसी बताते हैं कि हमजा परिवार में तीसरे नंबर का बेटा था और कई दिनों से बहन की शादी की तैयारियों में लगा हुआ था। रविवार सुबह से दोपहर तक भी वह मैरिज हॉल में व्यवस्थाएं करता दिखा। दोपहर में किसी समय घर लौट कर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
खुदकुशी का कारण पता न चलने से परिजन परेशान
रायसत्ती थाना प्रभारी निशांत राठी ने बताया कि किशोर की मौत के कारणों की जांच के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजन और परिवारजन भी यह समझ नहीं पा रहे हैं कि हमजा ने यह कदम क्यों उठाया।यह घटना इस बात का सबक भी है कि परिवार और आस-पड़ोस को किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है, ताकि किसी को अकेलेपन या तनाव में ऐसा कदम न उठाना पड़े।
