वाराणसी। यूपी के वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र में एक मामूली पैसों के विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। कठिरांव बाजार में गिरवी रखे शादी के लॉकेट को छुड़ाने के लिए 500 रुपये कम पड़ने पर शुरू हुआ झगड़ा हत्या पर जाकर खत्म हुआ। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर नाबालिग बहू को गिरफ्तार कर लिया है।
घर पहुंचते ही कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार
चौकी कठिरांव लठियां क्षेत्र में 25 फरवरी को आशा देवी (47) का शव उनके घर में खून से लथपथ मिला था। पति सुभाष की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे।फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली थी। पूछताछ में नाबालिग बहू ने कबूल किया कि सास से अक्सर विवाद होता था।
500 रुपये कम पड़े, बढ़ गया विवाद
बहू के मुताबिक, घटना के दिन दोनों बैंक ऑफ बड़ौदा से दो हजार रुपये निकालकर सराफा की दुकान पर गिरवी रखा लॉकेट छुड़ाने गईं। लेकिन 500 रुपये कम होने के कारण लॉकेट नहीं मिल सका। इसी बात को लेकर बाजार में कहासुनी हुई।घर लौटने पर विवाद और बढ़ गया। आवेश में आकर बहू ने पास रखी कुल्हाड़ी से सास पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पड़ोसी युवक की भूमिका भी जांच में
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना के दौरान पड़ोस का एक युवक मौजूद था। उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। प्रारंभ में बहू ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ में उसने पारिवारिक झगड़े और पैसों के विवाद में हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस का बयान
डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पैसों के लेनदेन और पारिवारिक विवाद का प्रतीत होता है। सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपी बहू को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।यह घटना दिखाती है कि मामूली आर्थिक विवाद और पारिवारिक तनाव किस तरह भयावह परिणाम तक पहुंच सकते हैं। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।
