रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नैनीताल से घूमकर लौट रहे एक परिवार की कार को डंपर ने टक्कर मार दी, जिसके बाद कार में भीषण आग लग गई। हादसे में महिला सिपाही लता सिंह और उनके दो साल के बेटे की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य परिजन गंभीर रूप से झुलस गए।

नैनीताल घूमने गया था परिवार

मिलक के बेहटरा गांव निवासी दान सिंह अपनी पत्नी लता सिंह, दो वर्षीय बेटे लड्डू और बरेली के जमालपुर निवासी चाचा रवि ठाकुर के साथ नैनीताल घूमने गए थे। लता सिंह कौशांबी जिले में महिला सिपाही के पद पर तैनात थीं और इन दिनों अपने गांव आई हुई थीं।बताया जा रहा है कि काशीपुर गांव के पास सामने से आ रहे डंपर ने उनकी स्विफ्ट कार को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के पेट्रोल टैंक में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई।

आग लगते ही कार सवार लोग किसी तरह बाहर कूद गए

आग लगते ही कार सवार लोग किसी तरह बाहर कूद गए, लेकिन अफरातफरी में दो साल का मासूम लड्डू कार के भीतर ही फंस गया। उसे बचाने की कोशिश में मां लता सिंह भी आग की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं।घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने की कोशिश की। नजदीकी पेट्रोल पंप से अग्निशमन यंत्र लाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह और गंज थाना प्रभारी पवन शर्मा मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

झुलसे लता सिंह और रवि ठाकुर को अस्पताल में भर्ती कराया

पुलिस ने झुलसे लता सिंह और रवि ठाकुर को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर लता सिंह को बरेली रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं कार से दो साल के बच्चे का शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर डंपर और चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना के कारण काशीपुर गांव के सामने काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।

लौटते समय कार का पेट्रोल खत्म हो गया था

घायल रवि ठाकुर ने बताया कि लौटते समय कार का पेट्रोल खत्म हो गया था, जिसके बाद वाहन को सीएनजी पर चलाया जा रहा था। इसी दौरान डंपर ने साइड से टक्कर मार दी और पेट्रोल टैंक में आग लग गई।बताया जा रहा है कि दान सिंह ने दो सप्ताह पहले ही नई कार खरीदी थी। चार साल पहले भी वह एक सड़क हादसे का शिकार हो चुके हैं, जिसमें उनकी पहली पत्नी की मौत हो गई थी। इस ताजा हादसे ने परिवार और पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *