देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। मोमोज खाने की आदत एक परिवार के लिए बड़ी आफत बन गई। आरोप है कि कक्षा 7 में पढ़ने वाले एक किशोर ने मोमोज के बदले अपने ही घर से करीब 85 लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए और उन्हें देवरिया-कसया मार्ग स्थित डुमरी चौराहे की मोमोज दुकान पर बैठे युवकों को देता रहा।
मामला रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के भगवानपुर तिवारी गांव का
यह सनसनीखेज मामला रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के भगवानपुर तिवारी गांव का है। पीड़ित विमलेश मिश्र (पुजारी, वाराणसी) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि घर में उनके और उनकी बहन के कीमती सोने-चांदी के जेवर रखे थे, जो अब पूरी तरह गायब हैं।
डुमरी चौराहे की दुकान से शुरू हुआ ‘जाल’
पीड़ित पिता के मुताबिक, उनका बेटा अक्सर डुमरी चौराहे पर मोमोज खाने जाता था। वहीं मोमोज की दुकान लगाने वाले तीन युवकों ने धीरे-धीरे किशोर से दोस्ती बढ़ाई।आरोप है कि पहले बच्चे को बार-बार मोमोज खिलाकर उसका भरोसा जीता गया, फिर उसे लालच देकर कहा गया कि “अगर घर से गहने लाओगे तो रोज मोमोज मिलेंगे”। इसी लालच में बच्चा धीरे-धीरे घर से जेवर निकालकर दुकानदारों तक पहुंचाता रहा।
घर से निकलता रहा सोना, परिवार को भनक तक नहीं
बताया जा रहा है कि किशोर ने बेहद चालाकी से पिता और बुआ के गहनों को एक-एक कर निकालना शुरू किया। कई दिनों/हफ्तों तक यह सिलसिला चलता रहा, लेकिन परिवार को भनक तक नहीं लगी।किशोर ने कथित तौर पर सोने के हार, चेन, कंगन, झुमके, अंगूठियां सहित कीमती जेवर दुकानदारों को दे दिए और बदले में वह मोमोज खाता रहा।
रविवार को खुली अलमारी तो मच गया हड़कंप
रविवार को जब विमलेश मिश्र की बहन अपने जेवर मांगने घर पहुंचीं, तो परिजनों ने अलमारी खोली। अलमारी खाली देख दोनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।परिवार ने पहले घर में ही शक के आधार पर खोजबीन की, फिर जब किशोर से सख्ती से पूछताछ हुई तो उसने कबूल किया कि मोमोज के बदले सारे जेवर डुमरी चौराहे के दुकानदारों को दे चुका है।
पिता पहुंचे थाने, तीन नामजद—पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना के बाद देर शाम पिता रामपुर कारखाना थाने पहुंचे और तीन युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी।सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने एक युवक और एक युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस का बयान—जल्द होगा खुलासा
थाना अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़े : सिर्फ दो घंटे में लखनऊ से दिल्ली पहुंचाएगी बुलेट ट्रेन
यह भी पढ़े : बजट 2026‑27: सरकार ने किसानों, आम जनता और राज्यों के लिए बड़ी राहतों का ऐलान किया
यह भी पढ़े : मुंबई-दिल्ली रूट से एमडीएम तस्करी का खुलासा, आगरा में दो सप्लायर गिरफ्तार
