कानपुर । सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए कानून तोड़ने वाले तीन किशोर समेत आठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरों को गुजैनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में बर्रा आठ कच्ची बस्ती निवासी अरविंद सिंह, मो. शाहिद, अमन कटियार, वरुण विहार कच्ची बस्ती निवासी लकी और जरौली फेज-टू के चंदन कुमार शामिल हैं। तीन आरोपी नाबालिग हैं।
अपहरण और फिरौती की रची थी साजिश
आरोप है कि 11 फरवरी को आरोपियों ने बर्रा आठ क्षेत्र में एक किशोर को सुनसान स्थान पर ले जाकर उसकी मां को फोन कराया और दो लाख रुपये की फिरौती मांगी। फोन कॉल से घबराए परिजन तुरंत गुजैनी थाने पहुंचे।इसके बाद आरोपियों ने नए नंबर से दोबारा कॉल कर रविवार को पांच हजार रुपये की पहली किस्त देने को कहा। कुछ देर बाद खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताते हुए पूरी घटना को ‘प्रैंक वीडियो’ बताया।किशोर के परिजनों की तहरीर पर गुजैनी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
सीसीटीवी से खुलासा
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए यह अपहरण का फर्जी वीडियो बनाया गया था।
पहले से दर्ज हैं मुकदमे
आरोपियों में अमन कटियार के खिलाफ पहले से चोरी के दो मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पुलिस ने बालिग आरोपियों को जेल भेज दिया है, जबकि नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
