प्रयागराज । प्रयागराज में आयोजित माघ मेला–2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश पीएसी द्वारा मेला क्षेत्र में सुरक्षा एवं राहत व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया जा रहा है। यह व्यवस्था मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण के मार्गदर्शन में संचालित है।
7 कंपनियां कानून-व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण में लगी रहीं
मेला ड्यूटी का नेतृत्व अपर पुलिस महानिदेशक रामकृष्ण स्वर्णकार के निर्देशन तथा पीएसी नोडल अधिकारी सर्वेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में किया गया।मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पीएसी की कुल 16 कंपनियों को चरणबद्ध और सुनियोजित ढंग से तैनात किया गया। इनमें से 07 कंपनियां कानून-व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण में लगी रहीं, जबकि 07 कंपनियां बाढ़ राहत एवं जल-क्षेत्र सुरक्षा ड्यूटी में सक्रिय रहीं। इसके साथ ही 02 कंपनियां जीआरपी ड्यूटी के लिए कार्यरत रहीं।
5 पीएसी कंपनियों की अतिरिक्त तैनाती की गई
वहीं, मुख्य स्नान पर्वों के दौरान भीड़ और संवेदनशीलता को देखते हुए 05 पीएसी कंपनियों की अतिरिक्त तैनाती की गई, जिससे सुरक्षा प्रबंधों को और अधिक सुदृढ़ किया जा सका।मेला अवधि में पीएसी जवानों ने घाटों की सुरक्षा, श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन, यातायात नियंत्रण, संवेदनशील स्थलों पर सतत निगरानी तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने का दायित्व पूरी निष्ठा, अनुशासन और तत्परता के साथ निभाया।
बाढ़ राहत दल को पूरी तरह सतर्क रखा गया
संभावित आपदा की स्थिति को ध्यान में रखते हुए बाढ़ राहत दल को पूरी तरह सतर्क रखा गया। नदी क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग कर जरूरत पड़ने पर त्वरित बचाव एवं राहत कार्य भी किए गए।पीएसी की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते मेला अवधि में किसी भी प्रकार की जनहानि या अप्रिय घटना नहीं हुई। जवानों ने कर्तव्यनिष्ठा के साथ-साथ मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए श्रद्धालुओं को हर संभव सहायता भी प्रदान की।
