बिजनौर । उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया। शुरुआत में यह माना जा रहा था कि मजदूर टिंकू (32) की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे घटनाक्रम का असली चेहरा उजागर कर दिया।
मंडी समिति के पीछे रेलवे ट्रैक के पास पड़ा मिला था
पुलिस के अनुसार, नगर के मोहल्ला अट्टा निवासी टिंकू का शव बुधवार की सुबह मंडी समिति के पीछे रेलवे ट्रैक के पास पड़ा मिला था। शरीर पर खून के निशान थे और प्रारंभिक अनुमान यह लगाया गया कि ट्रेन ने टिंकू को कुचल दिया। लेकिन पोस्टमार्टम में मौत का कारण दम घुटने को बताया गया, जिससे मामला हत्या का बन गया।
देव ने मिलकर योजना बनाकर टिंकू की हत्या की
पुलिस ने पड़ताल शुरू की तो पता चला कि टिंकू की पत्नी संगीता और उसके प्रेमी नर सिंह उर्फ देव ने मिलकर योजना बनाकर टिंकू की हत्या की। प्रेमी ने शराब पिलाकर टिंकू को बेसुध किया और रेलवे ट्रैक के पास उसे अपने पांव से दबा कर, लाल कपड़े से गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या को ट्रेन हादसे का रूप देने के लिए शव रेलवे ट्रैक पर रखा गया।
संगीता की शादी 2020 में टिंकू से हुई थी
जानकारी के अनुसार, संगीता और नर सिंह के बीच बीते 11 साल से प्रेम संबंध थे। संगीता की शादी 2020 में टिंकू से हुई थी, लेकिन नर सिंह लगातार संगीता से संपर्क में रहा। बीती 13 जनवरी को टिंकू मजदूरी पर गया हुआ था। संगीता ने नर सिंह को घर बुलाया और दोनों की आपत्तिजनक स्थिति टिंकू की जेठानी ने देख ली। टिंकू के लौटने पर डर के मारे संगीता ने नर सिंह को अपने पति को ठिकाने लगाने के लिए कहा।
पुलिस ने संगीता और नर सिंह को गिरफ्तार कर लिया
हत्या के बाद नर सिंह ने संगीता को घटना की जानकारी दी और रात में अपने गांव चला गया। पुलिस ने संगीता और नर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के भाई राजकुमार की तहरीर पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है।इस सनसनीखेज घटना ने इलाके में दहशत पैदा कर दी है। प्रारंभ में जो “रेलवे हादसा” दिखा, वह असल में प्रेम और साजिश की जघन्य हत्या थी।
