एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । राजधानी के पारा थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। बीते दिनों एक युवती को गोली मारने की सनसनीखेज घटना के बाद अब बुद्धेश्वर आदर्श विहार कॉलोनी में जल निगम के ठेकेदार के घर घुसकर बदमाशों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। सोमवार देर रात हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

असलहों से लैस बदमाश उनके घर में घुस आए

जानकारी के अनुसार, बुद्धेश्वर आदर्श विहार कॉलोनी निवासी पिंटू शर्मा जल निगम में ठेकेदार हैं और घर में अकेले रहते हैं। सोमवार की देर रात असलहों से लैस बदमाश उनके घर में घुस आए। पिंटू शर्मा कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बदमाशों ने उन्हें गन प्वाइंट पर ले लिया और बंधक बना लिया।पीड़ित के अनुसार, विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और घर में रखी करीब पांच लाख रुपये की नकदी, सोने के जेवरात और अन्य कीमती सामान लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

लुटेरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित

घटना की सूचना मिलते ही पारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम के साथ घटनास्थल की गहन जांच की, लेकिन देर रात तक बदमाशों का कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और लुटेरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का दावा किया जा रहा है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय व्याप्त है और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की जा रही है।

दुकानदार की पिटाई कर बदमाशों ने लूटे पौने दो लाख रुपए

नोएडा के थाना सेक्टर 113 क्षेत्र के सर्फाबाद गांव में रहने वाले एक परचून दुकानदार के साथ बीती रात अज्ञात बदमाशों ने मारपीट कर उसकी दुकान में रखे हुए पौने दो लाख रूपये लूट लिए। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।थाना सेक्टर 113 के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि सर्फाबाद गांव में परचून की दुकान करने वाले इंद्रजीत ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अज्ञात बदमाश उनकी दुकान पर आए। बदमाशों ने उनके साथ मारपीट कर उनकी दुकान में रखी हुई पौने दो लाख रुपए की नगदी लूट लिया। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लखनऊ में 49 किलो गांजा संग तस्कर गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र में पुलिस व एंटी नारकोटिक्स टीम की संयुक्त कार्रवाई में सोमवार देररात रायबरेली से लखनऊ लाई जा रही गांजे की बड़ी खेप पकड़ी गई। कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।उपनिरीक्षक अनुज कुमार तिवारी ने मंगलवार को बताया कि तस्कर की पहचान रायबरेली के पूरे जिगना देव निवासी अनिकेत मौर्या के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान कार से 49 किलो गांजा, दो मोबाइल फोन बरामद हुआ है।

गांजा लेकर कार से लखनऊ की ओर जा रहा था

पूछताछ में तस्कर ने बताया कि वह कार से गांजा की तस्करी करता है। रात काे वह गांजा लेकर कार से लखनऊ की ओर जा रहा था, तभी निगोहां–नगराम रोड पर घेराबंदी कर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।उपनिरीक्षक ने बताया कि तस्कर के पास से बरामद गांजा रायबरेली से लाया जा रहा था, जिसे लखनऊ में खपाने की योजना थी। आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, तस्करी के लिए गांजा उपलब्ध कराने वाले सरगना की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

यह भी पढ़े : पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष निर्वाचित, सीएम योगी ने जताया हर्ष

यह भी पढ़े : यमुना एक्सप्रेस-वे बना आग का कब्रिस्तान, जिंदा जले यात्री, 10 की मौत, दर्जनों झुलसे

यह भी पढ़े : कोई न रहे परेशान, सरकार दे रही बिजली बिल में बड़ी राहत

यह भी पढ़े : राष्ट्रपति ने राज कुमार गोयल को मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में दिलाई शपथ

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *