एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ ।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए इतिहास के गौरवशाली क्षणों से प्रेरणा लेना आवश्यक है और समय रहते ऐतिहासिक त्रुटियों का परिमार्जन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब समाज अपनी गलतियों को सुधारते हुए अच्छे कार्यों को जीवन की प्रेरणा बनाता है, तभी वास्तविक प्रगति संभव होती है।

134वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन

मुख्यमंत्री मंगलवार को कॉल्विन तालुकेदार्स कॉलेज में आयोजित 134वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत ने अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को पर्व-त्योहारों के माध्यम से पीढ़ी दर पीढ़ी संजोकर रखा है। राजनीति अपना कार्य करती रही, लेकिन समाज के नेतृत्वकर्ताओं और राजे-रजवाड़ों ने कभी संस्कृति में हस्तक्षेप नहीं किया, बल्कि उसके संरक्षण और संवर्धन में योगदान दिया।

सीएम ने पूर्व अध्यक्ष कुंवर आनंद सिंह को अर्पित की श्रद्धांजलि

मार्च पास्ट के दौरान विद्यार्थियों के अनुशासन, समर्पण और एकजुटता की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दृश्य नेताजी सुभाष चंद्र बोस के आह्वान पर आज़ाद हिंद फौज के युवाओं की याद दिलाता है। इससे विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास होता है।मुख्यमंत्री योगी ने कॉलेज के पूर्व अध्यक्ष कुंवर आनंद सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि संस्था के उन्नयन को लेकर उनके साथ कई बार चर्चा हुई थी। उन्होंने कहा कि भले ही वे आज भौतिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके योगदान सदैव स्मरणीय रहेंगे।

समाज को जोड़ने की जिम्मेदारी शिक्षण संस्थानों की

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाज को तोड़ने वाले तत्व हमेशा सक्रिय रहते हैं, लेकिन समाज को जोड़ने की जिम्मेदारी शिक्षण संस्थानों की होती है। उन्होंने 1889 में कॉलेज की स्थापना के दौर का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय देश कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा था, लेकिन वंदे मातरम् जैसे विचारों ने स्वतंत्रता की चेतना जगाई। बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की रचना और गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा इसे स्वर दिए जाने के बाद यह आज़ादी के आंदोलन का मंत्र बन गया।

समाज में भ्रम फैलाने वालों से सावधान रहने की अपील

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि जीवन में सफलता के लिए अनुशासन और परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है। नियमित अध्ययन के साथ रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में खेलो इंडिया, फिट इंडिया और सांसद खेलकूद प्रतियोगिताओं के माध्यम से देश में खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयां मिली हैं।उन्होंने समाज में भ्रम फैलाने वालों से सावधान रहने और लक्ष्य पर केंद्रित रहने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कप और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।

यह भी पढ़े : कोई न रहे परेशान, सरकार दे रही बिजली बिल में बड़ी राहत

यह भी पढ़े : युवा महिलाओं में बढ़ता स्तन कैंसर खतरा, देर से इलाज बन रहा जानलेवा

यह भी पढ़े : सीएम योगी का बड़ा बयान: यूपी में कोडीन कफ सिरप से कोई मौत नहीं

यह भी पढ़े : माघ मेला 2025 : डीजीपी राजीव कृष्ण ने भीड़ प्रबंधन और आपदा तैयारी पर दिया जोर

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *