एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । उत्तर प्रदेश में तेज रफ्तार, लापरवाही और कोहरे के चलते सोमवार को अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग और ग्रामीण सड़कों तक हुई दुर्घटनाओं में किशोर सहित आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी मामलों में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़े : पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष निर्वाचित, सीएम योगी ने जताया हर्ष

खड़ी बस में घुसा कंटेनर, किशोर की मौत, छह घायल

आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 207 (समशाबाद गांव के पास) सोमवार सुबह करीब सात बजे भीषण हादसा हो गया। राजस्थान से यात्रियों को लेकर बलिया जा रही एक प्राइवेट बस सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी।

कुछ यात्री बस से उतरकर लघुशंका कर रहे थे

टक्कर इतनी भयावह थी कि बस डिवाइडर से टकराकर करीब 50–60 मीटर तक घसीटती चली गई। हादसे के समय कुछ यात्री बस से उतरकर लघुशंका कर रहे थे। इसी दौरान 18 वर्षीय दीपक चौहान पुत्र रामसूरत चौहान, निवासी लाडो बलिया (मुबारकपुर थाना क्षेत्र) की मौके पर ही मौत हो गई।

यह भी पढ़े : कोई न रहे परेशान, सरकार दे रही बिजली बिल में बड़ी राहत

पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया

घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा की टीम और अहरौला पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायल यात्रियों को सीएचसी अहरौला भेजा गया, जहां से चार की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया।घायलों में संतोष कुमार (27), बलिया, राहुल यादव (25), बलिया, नसीम (25), गाजीपुर, मुक्खु (55), मऊ सहित कुल छह यात्री शामिल हैं।

बाराबंकी में अज्ञात वाहन की टक्कर से मां-बेटे की मौत, पत्नी गंभीर

बाराबंकी जनपद के मसौली थाना क्षेत्र में लखनऊ-गोंडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिरौली गांव स्थित समीर इंटरनेशनल स्कूल के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार चालक संतोष कुमार मिश्रा (40) और उनकी मां शांति देवी (65) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी संतोषी देवी (37) गंभीर रूप से घायल हो गईं।

यह भी पढ़े : कोई न रहे परेशान, सरकार दे रही बिजली बिल में बड़ी राहत

चालक का शव वाहन में बुरी तरह फंस गया

टक्कर के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक का शव वाहन में बुरी तरह फंस गया, जिसे गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद खुलवाया।थाना प्रभारी अमित प्रताप सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात वाहन की पहचान की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

फतेहपुर में नीलगाय से टकराकर ट्रैक्टर पलटा, चालक की मौत

फतेहपुर जिले के ललौली थाना क्षेत्र अंतर्गत दतौली गांव के पास सोमवार सुबह कोहरे के कारण ट्रैक्टर हादसे का शिकार हो गया। ट्राली में ईंट लादकर बांदा जा रहे चालक रामपाल उर्फ गोलू (24) पुत्र रामगोपाल, निवासी सिधांव गांव, अचानक सामने आई नीलगाय से टकरा गया।टक्कर के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और चालक उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया।

औरैया में वेगनआर की टक्कर से ऑटो चालक की मौत, हंगामा

औरैया जनपद के अछल्दा थाना क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर आशा गांव के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार वेगनआर कार ने सामने से आ रहे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक अनवर (30) निवासी दलीपपुर की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी पंकज मिश्रा ने ग्रामीणों को शांत कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

यह भी पढ़े : 12 साल की लवस्टोरी का खूनी अंत, मां-बेटियां ने मिलकर इंजीनियर को उतारा मौत के घाट

अछल्दा–बिधूना मार्ग पर बाइक सवार की मौत, चालक फरार

औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह ग्वारी पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार मुनीर (50) पुत्र फौजदार, निवासी शाहजहांपुर (कानपुर देहात) की मौत हो गई।

मुनीर फर्रुखाबाद जा रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें सीएचसी अछल्दा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

पुलिस की अपील

पुलिस और प्रशासन ने लोगों से तेज रफ्तार से बचने, कोहरे में सावधानी बरतने और एक्सप्रेस-वे पर वाहन खड़ा न करने की अपील की है। लगातार हो रहे हादसों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *