एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में गोपनीय, लिपिक और लेखा संवर्ग से जुड़े उपनिरीक्षक स्तर के कुल 537 खाली पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने इससे संबंधित विस्तृत विज्ञापन शनिवार को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया है। इच्छुक अभ्यर्थी 19 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से पूर्व उम्मीदवारों के लिए बोर्ड की वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) प्रणाली में पंजीकरण कराना अनिवार्य रखा गया है।
लेखपाल भर्ती में आरक्षण विवाद, प्रस्ताव में होगा संशोधन
राजस्व लेखपाल के 7,994 पदों पर प्रस्तावित भर्ती में पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को लेकर उठे सवालों के बाद राजस्व परिषद ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को पत्र भेजकर स्थिति स्पष्ट की है। परिषद ने आयोग को आश्वस्त किया है कि एक सप्ताह के भीतर संशोधित भर्ती प्रस्ताव भेज दिया जाएगा।
आयुक्त एवं सचिव कंचन वर्मा की तरफ जारी किया गया पत्र
आयुक्त एवं सचिव कंचन वर्मा की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि लेखपाल पद मंडल स्तरीय संवर्ग के अंतर्गत आता है और इसकी नियुक्ति का अधिकार उप जिलाधिकारी के पास होता है। मंडलायुक्तों द्वारा जिलों से प्राप्त श्रेणीवार कार्यरत एवं रिक्त पदों के विवरण के आधार पर आरक्षण (लंबवत एवं क्षैतिज) सहित रिक्तियों का आकलन कर परिषद को प्रस्ताव भेजा गया था। इसी प्रस्ताव के आधार पर आयोग को भर्ती विवरण उपलब्ध कराया गया।
जारी विज्ञापन में श्रेणीवार रिक्तियों में बदलाव की संभावना
पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि वर्ष 2022 में लागू उप्र लेखपाल सेवा (चतुर्थ संशोधन) नियमावली से पहले लेखपालों की भर्ती जिला स्तर पर की जाती थी। हाल ही में परिषद को जिलास्तर पर श्रेणीवार पदों से जुड़ी कुछ नई जानकारियां प्राप्त हुई हैं। इन्हीं तथ्यों के चलते आयोग द्वारा जारी विज्ञापन में श्रेणीवार रिक्तियों में बदलाव की संभावना जताई गई है।राजस्व परिषद ने कहा है कि संशोधित आंकड़ों के साथ नया प्रस्ताव आयोग को शीघ्र भेजा जाएगा, ताकि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे और किसी भी तरह की तकनीकी या कानूनी त्रुटि से बचा जा सके।
यह भी पढ़े : कोई न रहे परेशान, सरकार दे रही बिजली बिल में बड़ी राहत
यह भी पढ़े : मथुरा: यमुना एक्सप्रेस-वे पर कोहरे का कहर, 7 बसें व 3 कारें टकराईं, 13 की मौत
