एसएमयूपीन्यूज, शामली। वेदखेड़ी–मंसूरा मार्ग पर सोमवार देर रात पुलिस की एसओजी और झिंझाना थाना टीम को बड़ी सफलता मिली। बदमाशों से हुई मुठभेड़ में बावरिया गिरोह का कुख्यात अपराधी और ₹1.25 लाख का इनामी मिथुन मारा गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। इस दौरान एसओजी के हेड कांस्टेबल हरविंदर गोली लगने से घायल हो गए। झिंझाना थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना की जैकेट में भी गोली लगी, लेकिन वे सुरक्षित हैं।
घटनास्थल से एक कार्बाइन और मेड-इन-इटली पिस्टल बरामद
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि बावरिया गिरोह के सदस्य वेदखेड़ी–मंसूरा रोड पर किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं। इस पर पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें इनामी मिथुन ढेर हो गया। मौके से उसका साथी राहुल फरार हो गया। घायल कांस्टेबल को ऊन सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।मुठभेड़ के बाद पुलिस को घटनास्थल से एक कार्बाइन और मेड-इन-इटली पिस्टल बरामद हुई।
पुलिस की ओर से ₹25,000 का इनाम घोषित था
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मिथुन पर शामली में ₹1 लाख और बागपत पुलिस की ओर से ₹25,000 का इनाम घोषित था। वह बागपत में कांवड़ यात्रा के दौरान महिला से लूट की वारदात में शामिल था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, चोरी सहित 20 से अधिक मामले दर्ज थे। पुलिस जांच में सामने आया कि अपराध के बाद वह पंजाब, साउथ दिल्ली, जयपुर और अन्य शहरों में शरण लेता था तथा यूपी, उत्तराखंड और दक्षिण भारत के कई राज्यों में सक्रिय था। वह वर्ष 2017 में झिंझाना के भारत कुमार हत्याकांड का भी आरोपी रहा है।
संजीव जीवा गैंग का शूटर फैसल ढेर हुआ था
हाल के महीनों में शामली पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। इससे पहले पुलिस 18 अक्टूबर को भभीसा गांव के जंगल में हुई मुठभेड़ में ₹1 लाख के इनामी नफीस को मार गिरा चुकी है, जबकि 24 अक्टूबर को भोगी माजरा के पास हुई मुठभेड़ में संजीव जीवा गैंग का शूटर फैसल ढेर हुआ था। अब तीसरे इनामी बदमाश मिथुन के मारे जाने से जिले में सक्रिय गैंगों का नेटवर्क कमजोर पड़ गया है।पुलिस का कहना है कि लगातार की जा रही इन कार्रवाइयों से जिले में अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगा है।
यह भी पढ़े : कार में छिपाकर ले जा रहे थे 300 संरक्षित तोते, दो तस्कर गिरफ्तार
यह भी पढ़ें : पश्चिम बंगाल से ट्रैक्टर चोरी कर यूपी में बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
यह भी पढ़े : सीएम योगी बोले, यूपी में ड्रग माफिया बख्शे नहीं जाएंगे
यह भी पढ़े : पीएम मोदी ने अयोध्या के राम मंदिर के शिखर पर किया ध्वजारोहण, आरएसएस सरसंघचालक भी मौजूद
