एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के सख्त निर्देशन में प्रदेश भर में घूसखोर कर्मियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी कार्रवाई सामने आई है। भ्रष्टाचार संगठन (एंटी करप्शन) मुरादाबाद इकाई की टीम ने मंगलवार को बिजनौर सदर तहसील में तैनात लेखपाल को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
धर्मेन्द्र सिंह से 5 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी
गिरफ्तार लेखपाल की पहचान राघवेन्द्र उर्फ रवीन्द्र कुमार भारद्वाज के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बिजनौर सदर तहसील में तैनात था और मूल रूप से बागपत जिले के बड़ौत थाना क्षेत्र के सिकोहोपुर गांव का निवासी बताया जा रहा है। आरोप है कि लेखपाल ने खतौनी में नाम दर्ज कराने और दुरुस्त करने के एवज में बिजनौर जिले के थाना हीमपुर दीपा क्षेत्र के नानूपुरा गांव निवासी धर्मेन्द्र सिंह से 5 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
पीड़ित धर्मेन्द्र सिंह ने लेखपाल की रिश्वतखोरी से परेशान होकर इसकी लिखित शिकायत भ्रष्टाचार संगठन मुरादाबाद इकाई से की। शिकायत की प्राथमिक जांच सही पाए जाने के बाद एंटी करप्शन टीम के निरीक्षक कृष्ण अवतार के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया। योजना के तहत पीड़ित को तय रकम के साथ लेखपाल के पास भेजा गया।
कमरा नंबर 24 में पकड़ा गया रिश्वतखोर
मंगलवार को लेखपाल ने पीड़ित को बिजनौर सदर तहसील परिसर स्थित कमरा नंबर 24 में बुलाया था। जैसे ही पीड़ित ने लेखपाल को रिश्वत की रकम सौंपी, पहले से तैनात एंटी करप्शन टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लेखपाल को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथों दबोच लिया। मौके पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई।
आगे की कानूनी कार्रवाई
गिरफ्तारी के बाद आरोपी लेखपाल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है, वहीं विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
भ्रष्टाचार पर सख्ती जारी
एंटी करप्शन अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश सरकार और पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। आमजन से अपील की गई है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो बिना भय के एंटी करप्शन संगठन को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढ़े : कोई न रहे परेशान, सरकार दे रही बिजली बिल में बड़ी राहत
यह भी पढ़े : युवा महिलाओं में बढ़ता स्तन कैंसर खतरा, देर से इलाज बन रहा जानलेवा
यह भी पढ़े : सीएम योगी का बड़ा बयान: यूपी में कोडीन कफ सिरप से कोई मौत नहीं
यह भी पढ़े : माघ मेला 2025 : डीजीपी राजीव कृष्ण ने भीड़ प्रबंधन और आपदा तैयारी पर दिया जोर
