एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के खेकड़ा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने संपत्ति विवाद के चलते अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी स्वयं थाने पहुंचा और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
दो वर्ष पूर्व रामपुर की शाह गार्डन कॉलोनी में एक मकान खरीदा था
मूल रूप से गाजियाबाद के जलालाबाद निवासी रमन पाल ने करीब दो वर्ष पूर्व रामपुर की शाह गार्डन कॉलोनी में एक मकान खरीदा था, जिसे उसने अपनी पत्नी संगीता (50) के नाम कराया था। आरोप है कि संगीता ने बिना पति की जानकारी के उक्त मकान को अपने ममेरे भाई राजीव के नाम कर दिया। जब इस बात की जानकारी रमन पाल को हुई तो दंपती के बीच विवाद बढ़ता चला गया।
पति-पत्नी के बीच लगातार झगड़े हो रहे थे
परिजनों के अनुसार, संगीता अपने ममेरे भाई के साथ रह रही थी और अपनी अधिकांश संपत्ति भी उसी के नाम कराने की तैयारी में थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार झगड़े हो रहे थे। बुधवार सुबह यह विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जब रमन पाल ने कथित रूप से अपनी पत्नी की हत्या कर दी।हत्या के बाद आरोपी सीधे खेकड़ा थाने पहुंचा और पुलिस के सामने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आरोपी रमन पाल सुबह करीब साढ़े दस बजे थाने आया था
खेकड़ा थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि आरोपी रमन पाल सुबह करीब साढ़े दस बजे थाने आया था। उसने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसकी पत्नी संपत्ति अपने रिश्तेदार के नाम कराना चाहती थी, इसी विवाद के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े : कोई न रहे परेशान, सरकार दे रही बिजली बिल में बड़ी राहत
यह भी पढ़े : युवा महिलाओं में बढ़ता स्तन कैंसर खतरा, देर से इलाज बन रहा जानलेवा
यह भी पढ़े : सीएम योगी का बड़ा बयान: यूपी में कोडीन कफ सिरप से कोई मौत नहीं
यह भी पढ़े : माघ मेला 2025 : डीजीपी राजीव कृष्ण ने भीड़ प्रबंधन और आपदा तैयारी पर दिया जोर
