सीतापुर। जनपद के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात हुई, जिसने पूरे इलाके को दहशत में झोंक दिया। बेखौफ बदमाशों ने पहले पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं और इसके बाद हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए दोनों का गला रेत दिया। खून से सना घटनास्थल चीख-पुकार और गोलियों की गूंज से थर्रा उठा। इस सनसनीखेज डबल मर्डर के बाद इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
गोलियां लगते ही पिता-पुत्र मौके पर गिर पड़े
मृतकों की पहचान फतेपुर निवासी छोटे खान (65) और उनके पुत्र मैसर खां (45) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर अचानक मौके पर पहुंचे और बिना कुछ कहे दोनों को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगते ही पिता-पुत्र मौके पर गिर पड़े। इसके बाद बदमाशों ने क्रूरता दिखाते हुए दोनों का गला भी काट दिया, जिससे घटनास्थल पर खून ही खून बिखर गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी असलहों समेत फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस में मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इमलिया सुल्तानपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को आनन-फानन जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने पिता-पुत्र को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह, सीओ महोली नागेंद्र चतुर्वेदी समेत भारी पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा और फॉरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू कर दी।
हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस खौफनाक हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि महज 24 घंटे पहले दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, लेकिन पुलिस ने उसे गंभीरता से नहीं लिया और सिर्फ खानापूर्ति कर मामला शांत करा दिया। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई होती, तो शायद यह खून-खराबा टल सकता था।
कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई
मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें तेज कर दी गई हैं।
फिलहाल पूरा इलाका सहमा हुआ
फिलहाल पूरा इलाका सहमा हुआ है। लोग इस सवाल से परेशान हैं कि आखिर कब तक पुरानी रंजिश और पुलिस की कथित लापरवाही मासूम जिंदगियों की बलि लेती रहेगी। सीतापुर का यह डबल मर्डर न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है, बल्कि इलाके में लंबे समय तक खौफ की छाया छोड़ गया है।
यह भी पढ़े : कांग्रेस ने महान विभूतियों का कद छोटा करने की कोशिश की : मोदी
यह भी पढ़े :65 एकड़ में बना राष्ट्र प्रेरणा स्थल देश को समर्पित, पीएम मोदी ने अटलजी को किया नमन
यह भी पढ़े : युवा महिलाओं में बढ़ता स्तन कैंसर खतरा, देर से इलाज बन रहा जानलेवा
