संजीव सिंह, बलिया। जनपद बलिया के शिक्षा क्षेत्र नगरा अंतर्गत “हमारा आंगन–हमारे बच्चे” कार्यक्रम का भव्य आयोजन मैरिज हॉल गोठाई में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी रसड़ा रवि कुमार एवं खंड शिक्षा अधिकारी नगरा राम प्रताप सिंह द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
प्राथमिक शिक्षा मानव विकास की मजबूत नींव : उप जिलाधिकारी रवि कुमार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप जिलाधिकारी रवि कुमार ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्राथमिक शिक्षा को एक बड़ी चुनौती के रूप में स्वीकार करना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समाज का नेतृत्व कर सकती है और नागरिकों की सकारात्मक ऊर्जा को रचनात्मक दिशा में ले जा सकती है। उन्होंने प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाने पर विशेष बल दिया।
शिक्षा को सरल, सुलभ और उन्नत बनाना होगा: खंड शिक्षा अधिकारी
खंड शिक्षा अधिकारी राम प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि परिवार के प्रत्येक सदस्य को बाल विकास विभाग एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के साथ समन्वय स्थापित कर शिक्षा को सरल, सुलभ और उन्नत बनाना होगा। उन्होंने बाल वाटिका और प्राथमिक शिक्षा के सुदृढ़ीकरण को समय की आवश्यकता बताया।कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय कसेसर, चक मिश्रौली, कंपोजिट विद्यालय डिहवा तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, लोकगीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।

सुदीप, आशुतोष व शशिकांत हुए सम्मानित
इस अवसर पर नवचयनित एआरपी सुदीप कुमार तिवारी, आशुतोष कुमार सिंह एवं शशिकांत सक्सेना को सम्मानित किया गया। सभी एआरपी ने शिक्षा की गुणवत्ता एवं निपुण भारत अभियान को लेकर अपने विचार साझा किए। विभिन्न शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने भी बाल वाटिका एवं प्राथमिक शिक्षा के उन्नयन पर अपने सुझाव रखे।कार्यक्रम के दौरान सभी निपुण बच्चों को प्रमाण पत्र, निपुण किट, कहानी पुस्तक, कलर बॉक्स एवं स्टेशनरी वितरित की गई। आयोजन को सफल बनाने में जितेंद्र सिंह, निर्मल वर्मा, बृजेश कुमार, सविता वर्मा, काजल, रविंद्र सिंह, इंद्रजीत, जयप्रकाश मौर्य सहित अनेक शिक्षकों ने विशेष सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम का संचालन रामकृष्ण मौर्य ने किया
पूर्व आरपी दयाशंकर द्वारा निपुण शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन रामकृष्ण मौर्य ने किया। अंत में खंड शिक्षा अधिकारी आरपी सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के उद्घोष तथा राष्ट्रगान के साथ हुआ।
यह भी पढ़े : कोई न रहे परेशान, सरकार दे रही बिजली बिल में बड़ी राहत
यह भी पढ़े : युवा महिलाओं में बढ़ता स्तन कैंसर खतरा, देर से इलाज बन रहा जानलेवा
यह भी पढ़े : सीएम योगी का बड़ा बयान: यूपी में कोडीन कफ सिरप से कोई मौत नहीं
यह भी पढ़े : माघ मेला 2025 : डीजीपी राजीव कृष्ण ने भीड़ प्रबंधन और आपदा तैयारी पर दिया जोर
