अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को राम मंदिर पर ध्वजारोहण से पूर्व जय श्रीराम के नारों के बीच अयोध्या में भव्य रोड शो किया। कड़ी सुरक्षा के बीच रामपथ पर रामभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और प्रधानमंत्री के स्वागत में उत्साह का माहौल दिखाई दिया।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया स्वागत
प्रधानमंत्री के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचने पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से साकेत महाविद्यालय पहुँचे, जहाँ शंखनाद और बटुकों द्वारा स्वस्ति वाचन कर उनका स्वागत किया गया।साकेत महाविद्यालय से राम मंदिर परिसर तक रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री के काफिले पर स्कूली बच्चे, महिलाएं और स्थानीय नागरिक पुष्प वर्षा कर रहे थे। रास्ते में बने सात सांस्कृतिक मंचों पर रामायण आधारित नृत्य, संगीत और लोक कलाओं की प्रस्तुतियां दी गईं।
पीएम ने सप्त मंदिर में पूजा-अर्चना की
प्रधानमंत्री ने आद्यगुरु शंकराचार्य द्वार से राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में प्रवेश किया और सप्त मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद राम मंदिर के परकोटे में स्थित देवताओं और महर्षियों की प्रतिमाओं—जैसे महर्षि वाल्मीकि, महर्षि वशिष्ठ, महर्षि विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य, देवी अहिल्या, निषादराज गुहा और माता शबरी—पर पुष्पार्चन किया।विश्व हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता अम्बरीष ने कहा कि यह कार्यक्रम राम मंदिर आन्दोलन की गौरवशाली यात्रा और हुतात्मा कारसेवकों के बलिदान का सुफल है। वहीं आंदोलन से लंबे समय जुड़े शरद शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में देशभर से विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया और राम मंदिर सामाजिक समरसता का केंद्र बनने जा रहा है।
यह भी पढ़े : लखनऊ में प्रेम की जिद बना मौत का कारण: बीएससी छात्रा की बेरहमी से गला रेतकर हत्या
यह भी पढ़े : यूपी में 41 हजार होमगार्ड भर्ती का धमाका, लाखों युवाओं के लिए बड़ा मौका, आवेदन शुरू
यह भी पढ़े : बलिया में लव मैरिज करने पर भाई व चाचा ने की युवती की हत्या
यह भी पढ़े : पंचतत्व में विलीन हुए अभिनेता धर्मेंद्र, सनी देओल ने दी मुखाग्नि
