एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि विज्ञान और टेक्नोलॉजी ने दुनिया को आगे बढ़ाया है, लेकिन इसके साथ ही लोगों में एकाकीपन, तनाव और अविश्वास भी बढ़ा है। ऐसे में ब्रह्मकुमारीज संस्था का ‘योग, विश्वास और एकता’ अभियान समाज को अधिक मानवीय और आनंदमय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बच्चियों द्वारा प्रस्तुत मयूर नृत्य से राष्ट्रपति का स्वागत किया

राष्ट्रपति शुक्रवार को लखनऊ के सुलतानपुर रोड स्थित ब्रह्मकुमारीज राजयोग सेंटर, गुलजार उपवन में संस्था की वार्षिक थीम “विश्व एकता और भरोसे के लिए ध्यान” (2025–26) का शुभारंभ करने के बाद बोल रही थीं। कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। बच्चियों द्वारा प्रस्तुत मयूर नृत्य से राष्ट्रपति का स्वागत किया गया।

तकनीकी उन्नति के बावजूद मानव मन में ईर्ष्या, दुख और बढ़ा: मुर्मू

अपने संबोधन की शुरुआत “ओम शांति” से करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि विज्ञान और तकनीकी उन्नति के बावजूद मानव मन में ईर्ष्या, दुख और अकेलापन बढ़ा है। ऐसे समय में मेडिटेशन मानसिक शांति और आत्मिक जागृति का सशक्त साधन हो सकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण और मिशन लाइफ के तहत मानवीय जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है।राष्ट्रपति ने कहा कि शांति और सुख बाहर नहीं, बल्कि व्यक्ति के भीतर होते हैं और ध्यान-योग के माध्यम से ही इन्हें अनुभव किया जा सकता है। उन्होंने ब्रह्मकुमारीज संस्था द्वारा गांव-गांव में शिक्षा, संस्कार और मानवता का संदेश फैलाने के कार्यों की सराहना की।

मेडिटेशन तनाव दूर करता है: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ब्रह्मकुमारी संस्थान के इतिहास और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 1937 में स्थापित इस संस्था ने कठिन समय में समाज को शांति, पवित्रता और सकारात्मकता का मार्ग दिया। उन्होंने कहा कि राजयोग केवल अभ्यास नहीं, बल्कि संपूर्ण सकारात्मक जीवन शैली है जो आत्मा की अमरता का बोध कराता है।

अभियान समाज को जोड़ेगा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ध्यान-योग अभियान का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के लिए गौरव की बात है और राष्ट्रपति की उपस्थिति इसे खास बनाती है। उन्होंने कहा कि यह अभियान समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता को बढ़ावा देगा।समारोह में संस्था के पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े : कार में छिपाकर ले जा रहे थे 300 संरक्षित तोते, दो तस्कर गिरफ्तार

यह भी पढ़ें : पश्चिम बंगाल से ट्रैक्टर चोरी कर यूपी में बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

यह भी पढ़े : सीएम योगी बोले, यूपी में ड्रग माफिया बख्शे नहीं जाएंगे

यह भी पढ़े : पीएम मोदी ने अयोध्या के राम मंदिर के शिखर पर किया ध्वजारोहण, आरएसएस सरसंघचालक भी मौजूद

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *