एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । दिवाली के मौके पर जहां लोग खुशियों की तैयारियों में जुटे थे, वहीं लखनऊ–पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शनिवार देर रात यूपी के हरदोई के संडीला कोतवाली क्षेत्र के बेगमगंज के पास एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने उल्टी दिशा से आकर बाइक सवार तीन लोगों को रौंद दिया। हादसे में सगी बहनें काजल (11) और अंशिका (16) समेत उनका रिश्तेदार करन (36) की मौके पर ही मौत हो गई।

फंसकर करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक ट्रक में फंसकर करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने की कोशिश में था, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।मृतक करन उन्नाव जनपद के कासिमपुर थाना क्षेत्र के पालराई गांव का निवासी था और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। वह अपने मामा प्रदीप कुमार, निवासी बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र (उन्नाव) के साथ लखनऊ में रह रहा था। प्रदीप लखनऊ न्यायालय में लिपिक हैं।

दिवाली की छुट्टी पर पूरा परिवार गांव लौट रहा था

शनिवार शाम दिवाली की छुट्टी पर पूरा परिवार गांव लौट रहा था। प्रदीप अपनी पत्नी माया देवी, बेटे अंश देव (5) और बेटी कुमकुम (8) के साथ दूसरी स्कूटी से पीछे आ रहे थे, जबकि आगे करन बाइक चला रहा था, जिस पर काजल और अंशिका सवार थीं।जैसे ही वे बेगमगंज के पास हाईवे पर पहुंचे, उल्टी दिशा से आ रहे ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में करन और दोनों बच्चियों की मौके पर मौत हो गई।

खुशियों के त्योहार पर छाया मातम

परिवार में मातम का माहौल है। प्रदीप ने हादसे की जानकारी जैसे ही परिजनों को दी, गांव में कोहराम मच गया। बताया गया कि दिवाली की रात परिजनों को उनके पहुंचने का इंतजार था, लेकिन रात मातम में बदल गई। दोनों बेटियों के शव देख मां माया देवी बदहवास हो गईं।कोतवाल विद्या सागर पाल ने बताया कि ट्रक और चालक पुलिस की हिरासत में हैं, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

यह भी पढ़े : एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: 3.5 करोड़ की ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

यह भी पढ़े : हॉकी इंडिया लीग में चयनित हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के खिलाड़ी मोहम्मद हारिस

यह भी पढ़े : नकली डीएपी उर्वरक बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, गैंग सरगना समेत तीन गिरफ्तार

यह भी पढ़े : सीतापुर में भीषण सड़क हादसा, निजी एम्बुलेंस पलटी, चार लोगों की मौत

यह भी पढ़े : बंथरा में पुलिस मुठभेड़, नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *