एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । राजधानी के अलीगंज क्षेत्र में क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर बदमाश ने इंटर के छात्र का अपहरण कर लिया और उसे गेमिंग स्कैम में फंसाने की धमकी देकर दो लाख रुपये की फिरौती मांगी। पीड़ित छात्र सआदतगंज के मोमीननगर निवासी अशफाक है। वारदात में छात्र का दोस्त और उसका भाई भी शामिल पाए गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य की तलाश की जा रही है।
गेमिंग स्कैम में फंसाने और जेल भेजने की दी धमकी
पीड़ित की मां शब्बो खातून के मुताबिक, शनिवार रात करीब नौ बजे उनका बेटा अशफाक अपने दोस्त अयान के साथ घर से निकला। अयान उसे चाय पिलाने के बहाने अलीगंज ले गया। दोनों लौट ही रहे थे कि रास्ते में एसयूवी सवार मड़ियांव के केशवनगर निवासी दीनेंद्र कुमार सिंह ने उन्हें रोक लिया। खुद को क्राइम ब्रांच अधिकारी बताकर दीनेंद्र दोनों को गाड़ी में बैठा कर गेमिंग स्कैम में फंसाने और जेल भेजने की धमकी देने लगा।
छात्र को छोड़ने के बदले परिवार से दो लाख रुपये की फिरौती मांगी
आरोप है कि दीनेंद्र ने अशफाक को बुरी तरह पीटा और उसका वीडियो भी बना लिया। उसने छात्र को छोड़ने के बदले परिवार से दो लाख रुपये की फिरौती मांगी। इस बीच अयान ने अपने भाई सलमान को बुला लिया। तीनों कुछ देर के लिए एसयूवी के पीछे गए और लौटकर अशफाक से कहा कि रकम दे दी गई है, अब तुम घर जाकर हमें पैसे दे देना। इसके बाद रात करीब दो बजे अशफाक को घर के पास छोड़कर तीनों फरार हो गए।
फरार अयान और सलमान की तलाश की जा रही
शब्बो खातून ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। उनका आरोप है कि दीनेंद्र ने अशफाक को झांसे में लेने के लिए उसे अलीगंज थाने तक भी ले गया था, लेकिन वहां से बाहर ही लौट आया। इंस्पेक्टर अलीगंज अशोक सोनकर ने बताया कि मुख्य आरोपी दीनेंद्र को गिरफ्तार कर उसकी एसयूवी बरामद कर ली गई है। फरार अयान और सलमान की तलाश की जा रही है।
”””””’
लखनऊ में दो अलग-अलग घटनाओं में मिलीं दो युवकों की लाशें
राजधानी में मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर दो युवकों की मौत से सनसनी फैल गई। दोनों मामलों में पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। दोनों की मौत से उनके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पहली घटना : दुबग्गा में फंदे से लटका मिला युवक
थाना दुबग्गा क्षेत्र के ग्राम जेहटा निवासी नितिन शर्मा उर्फ गोलू शर्मा (28) पुत्र गुड्डू शर्मा कारपेंटर का काम करता था। परिजनों के अनुसार, नितिन ने अज्ञात कारणों से अपने कमरे में पंखे से फांसी लगा ली थी। उसे देखकर परिजनों ने उतारकर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर दुबग्गा पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ कर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक विवाहित था।
दूसरी घटना : ठाकुरगंज में पानी में तैरता मिला शव
इसी दिन थाना ठाकुरगंज पुलिस को सूचना मिली कि मेंहदी घाट पर पानी में एक अज्ञात युवक का शव तैरता दिखाई दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई गई है। बाद में मृतक की पहचान आर्यन वर्मा उर्फ रिशू पुत्र अरुण कुमार निवासी विशाल सिटी, भोला नर्सरी के पास थाना ठाकुरगंज के रूप में हुई। शव की शिनाख्त मृतक के बड़े भाई आकाश वर्मा ने की। प्रथमदृष्टया शव एक दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आगे की जांच शुरू की।
यह भी पढ़े : कर्ज चुकाने के लिए मां की हत्या कर बेटे ने चुराए थे जेवर
यह भी पढ़े : बिहार विधानसभा चुनाव का ऐलान, 6 और 11 नवंबर को मतदान, 14 को मतगणना
यह भी पढ़े : एक लाख के इनामी बदमाश इमरान ढेर, अवैध असलहा व कारतूस बरामद
