एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ ।उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने ऑनलाइन गेमिंग और लॉटरी स्कैम करने वाले संगठित गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को कानपुर नगर से गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रजत केशरी (25 वर्ष) और किशन केशरी (23 वर्ष), दोनों निवासी किदवई नगर, कानपुर नगर (मूल रूप से वाराणसी) के रूप में हुई है।
यह वेबसाइट बनाकर कर रहे थे ठगी
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि कुछ लोग HTTPS://playbhagyalaxmi.net.inवेबसाइट बनाकर यूपी के विभिन्न जिलों में ऑनलाइन लॉटरी के नाम पर अवैध ठगी कर रहे हैं। एडीजी एसटीएफ के निर्देश पर साइबर टीम ने तकनीकी जांच के बाद कानपुर के किदवई पार्क के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तारी के दौरान 5 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 3 एटीएम कार्ड, 2 पैन कार्ड, 3 आधार कार्ड (1 फर्जी) और 31 पन्नों के ठगी से जुड़े स्क्रीनशॉट बरामद किए गए।
गिरोह संचालित करने वाले निकले दोनों सगे भाई
पूछताछ में दोनों भाइयों ने बताया कि वे वर्ष 2022 में कानपुर से पुणे चले गए थे, जहां अपने मौसा महेन्द्र केशरी और सहयोगियों के साथ इस स्कैम में शामिल हुए। गिरोह ने सॉफ्टवेयर की मदद से ऐसा सिस्टम विकसित किया था, जिसमें टिकट बुक करने के बाद सबसे कम खरीदे गए नंबर को ही विजेता घोषित किया जाता था। इससे ग्राहक ठगे जाते थे और गिरोह भारी मुनाफा कमाता था।
गिरोह ने राज्य सरकार को पहुंचाई करोड़ों की राजस्व की क्षति
आरोपियों ने स्वीकार किया कि फर्जी दस्तावेजों से सिम कार्ड व बैंक खाते खुलवाकर यूपी के वाराणसी, जौनपुर, प्रयागराज, कानपुर समेत कई जिलों और अन्य राज्यों में यह अवैध कारोबार फैलाया गया। गिरोह द्वारा राज्य सरकार को करोड़ों रुपये की राजस्व क्षति पहुंचाई गई है।गिरफ्तार दोनों के खिलाफ कानपुर नगर के किदवई नगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश जारी है और बरामद उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।
यह भी पढ़े : कर्ज चुकाने के लिए मां की हत्या कर बेटे ने चुराए थे जेवर
यह भी पढ़े : बिहार विधानसभा चुनाव का ऐलान, 6 और 11 नवंबर को मतदान, 14 को मतगणना
यह भी पढ़े : एक लाख के इनामी बदमाश इमरान ढेर, अवैध असलहा व कारतूस बरामद
