एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लखनऊ के 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी शिव शर्मा को पटना सिटी (बिहार) से गिरफ्तार किया है। आरोपी थाना विभूतिखंड, लखनऊ में दर्ज मुकदमें में वांछित था।एसटीएफ के अनुसार, आरोपी शिव शर्मा पुत्र स्व. नीरज शर्मा, निवासी सी-40, सेक्टर एफ, अलीगंज, लखनऊ, 30 अगस्त 2025 को टिंकल पिंक क्लब, गोमतीनगर में हुई दिनदहाड़े फायरिंग की घटना के बाद से फरार चल रहा था।

गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ननिहाल में छिपा था

सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर एसटीएफ ने आरोपी के पटना में रिश्तेदार के घर छिपे होने की सूचना पर कार्रवाई की। प्रभारी अधिकारी प्रमेश कुमार शुक्ल (पुलिस उपाधीक्षक, एसटीएफ मुख्यालय) के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने गुप्त निगरानी करते हुए आरोपी को मेदांता अस्पताल, थाना कंकड़ बाग, पटना सिटी के बाहर से गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में शिव शर्मा ने बताया कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ननिहाल पटना सिटी में छिपा हुआ था।एसटीएफ ने अभियुक्त को लखनऊ लाकर थाना विभूतिखंड पुलिस के सुपुर्द कर दिया, जहां से उसे अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।

———————-

बोगस फर्म बनाकर 1.05 करोड़ की टैक्स चोरी, व्यापारी के खिलाफ केस दर्ज

लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र में एक व्यापारी द्वारा फर्जी फर्म बनाकर करोड़ों रुपये के लेनदेन दिखाने और टैक्स चोरी करने का मामला सामने आया है। हिंद नगर निवासी व्यापारी सचिन कुमार के खिलाफ सहायक आयुक्त राज्यकर अधिकारी खंड-14 संजय सिंह की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई है।राज्यकर विभाग के अनुसार, आरोपी ने कुमार सर्विसेज नाम से फर्म बनाकर 18 अप्रैल 2025 को जीएसटी पंजीकरण कराया था। फर्म का पता आशियाना रोड और बैंक का पता मसूरी दर्शाया गया था। जांच में पता चला कि व्यापारी ने फर्जी बिजली बिल और दस्तावेज लगाकर फर्म पंजीकृत कराई थी।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज शुरू की जांच

पड़ताल के दौरान सामने आया कि सचिन ने 11.73 करोड़ रुपये का व्यापार बालाजी ट्रेडर्स नामक फर्म से करना दिखाया, जबकि जांच में वह फर्म अस्तित्वहीन पाई गई। राज्यकर विभाग ने आरोप लगाया कि इस धोखाधड़ी के जरिए व्यापारी ने 1.05 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी की है।इंस्पेक्टर राजदेव प्रजापति के मुताबिक मामले की जांच जारी है और विभागीय दस्तावेजों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।

——

धर्मांतरण के प्रयास का आरोप, युवक और उसके पिता पर केस दर्ज

लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र में एक युवक पर नाबालिग लड़की को प्रेम जाल में फंसाकर धर्मांतरण का प्रयास करने का आरोप लगा है। पीड़िता के भाई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी फरहान और उसके पिता इसरार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

लड़की ने दो बार गहने और नकदी की चोरी भी की थी

शिकायतकर्ता के अनुसार, फरहान वर्ष 2023 से उसकी नाबालिग बहन को मानसिक और भावनात्मक रूप से प्रभावित कर रहा था। हाल के दिनों में वह कुरान पढ़ने और रोजा रखने की बातें करने लगी, जिससे परिवार को शक हुआ। आरोप है कि फरहान के कहने पर लड़की ने दो बार गहने और नकदी की चोरी भी की थी।

आरोपी ने बहन को अपने साथ ले जाने की योजना बनाई थी

पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी ने बहन को अपने साथ ले जाने की योजना बनाई थी, लेकिन नाकाम रहा। परिवार ने आशंका जताई है कि फरहान ने उस पर तंत्र-मंत्र का प्रभाव डाल रखा है और वह मानसिक रूप से अस्थिर होती जा रही है।थाना सआदतगंज के इंस्पेक्टर संतोष कुमार आर्य ने बताया कि मामले की जांच एडिशनल इंस्पेक्टर अजय कुमार चौरसिया को सौंपी गई है। सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े : एआई से महिलाओं की फर्जी तस्वीरें बनाकर वायरल करने वाले दो युवक गिरफ्तार

यह भी पढ़े : यूपी में चार आईपीएस अधिकारियों का तबादला, जानिये पूरी सूची

यह भी पढ़े : जौनपुर पुलिस की बड़ी सफलता, महिला अपराधों में 10 अभियुक्तों को हुई सजा

यह भी पढ़े : भदोही से सीएम योगी का संदेश: चुनौतियों को अवसर बनाएं, यूपी बनेगा निर्यात शक्ति

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *