एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । लखनऊ में वीआईपी सुरक्षा में तैनात हेड कॉन्स्टेबल अजय कुमार तिवारी के लापता बेटे के अपहरण और फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि कॉल करने वाले ने खुद को जीआरपी (Government Railway Police) का कर्मचारी बताते हुए युवक की रिहाई के एवज में 10 हजार रुपये की मांग की।
अजय कुमार परिवार के साथ रहते है महानगर में
गोंडा निवासी अजय कुमार तिवारी परिवार के साथ लखनऊ के महानगर क्षेत्र के रहीमनगर में रहते हैं। उनका 28 वर्षीय बेटा अरविंद कुमार तिवारी 25 सितंबर को घर से निकला था, जिसके बाद से वह लापता है। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो अजय कुमार ने महानगर कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
दो अक्टूबर को बेटे के अपहरण के संबंध में आया फोन
इस बीच, 2 अक्तूबर को अजय कुमार को एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम विनोद त्रिपाठी, जीआरपी कर्मचारी बताया और दावा किया कि उनके बेटे अरविंद का अपहरण हुआ है। उसने युवक को छोड़ने के बदले 10 हजार रुपये की फिरौती की मांग की। बाद में आरोपी ने दूसरे नंबरों से भी संपर्क कर पैसे की मांग दोहराई।
फोन करने वाले ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी
रकम देने से इनकार करने पर फोन करने वाले ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने बुधवार को महानगर थाने में अपहरण और फिरौती की मांग के आरोप में अज्ञात कॉलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।एसीपी महानगर अंकित कुमार ने बताया कि पुलिस की टीम ने कॉल डिटेल और सर्विलांस के जरिए संदिग्ध नंबरों की लोकेशन ट्रेस करनी शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
सीसीटीवी फुटेज में वह घर से अकेले जाते हुए नजर आया
पुलिस टीम अरविंद की तलाश में लगातार जुटी है। सीसीटीवी फुटेज में वह घर से अकेले जाते हुए नजर आया है। परिजनों ने बताया कि अरविंद अपना मोबाइल घर पर ही छोड़ गया था, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो रहा है। बीएड करने के बाद अरविंद हाल ही में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहा था।
यह भी पढ़े : गोसाईगंज में बाइक से पटाखा ले जाते समय भीषण विस्फोट, दो युवकों की मौके पर मौत
यह भी पढ़े : राजधानी में दीपावली पर 1018 अस्थायी पटाखा दुकानें मंजूर, अवैध भंडारण पर होगी कार्रवाई
यह भी पढ़े : दीपावली पर योगी सरकार का तोहफा,प्रदेश की 1.86 करोड़ महिलाओं को मिलेगा दो मुफ्त रसोई गैस
यह भी पढ़े : ईओडब्ल्यू ने चलाया ऑपरेशन शिकंजा, करोड़ों के घोटालों में वांछित 23 आरोपी गिरफ्तार
