एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । उत्तर प्रदेश एसटीएफ को एक बड़ी सफलता मिली है। टीम ने जन उर्वरक परियोजना भारत (डीएपी) और इंडियन पोटाश लिमिटेड के नाम पर किसानों को नकली उर्वरक बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में गिरोह का सरगना राहुल सिंघल समेत दो अन्य सहयोगी शामिल हैं। उनके कब्जे से भारी मात्रा में नकली खाद और पैकिंग सामग्री बरामद हुई है।
पिछले कई महीनों से तैयार कर रहा था नकली डीएपी
एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में राहुल सिंघल निवासी गाजियाबाद, सुभाष सिंह निवासी मथुरा और जगन सिंह निवासी आगरा शामिल हैं। मुख्य सरगना राहुल सिंघल ने स्वीकार किया कि वह पिछले कई महीनों से नकली डीएपी उर्वरक तैयार कर उसे उत्तर प्रदेश, राजस्थान और अन्य राज्यों के किसानों को बेचता था।
एसटीएफ ने यह सामान किया बरामद
500 बोरी संदिग्ध उर्वरक, 35 बैग भारत डीएपी (आईपीएल कंपनी मार्का), 450 बैग विराट भूमि शक्ति मार्का, 550 बिना मार्का बैग, एक ट्रक (आरजे-05 जीबी-6212), एक बोलेरो (यूपी-85 सीएन-7497), एक पैकिंग सिलाई मशीन, 1200 खाली डीएपी बैग, 1000 सादे बैग और 50 रील धागे की बरामद हुई हैं।यह कार्रवाई एसटीएफ फील्ड इकाई आगरा के अपर पुलिस अधीक्षक राकेश के पर्यवेक्षण में की गई।
ट्रक में भरकर जा रहा था नकली उर्वरक
टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नकली उर्वरक से भरा ट्रक मथुरा की ओर जा रहा है। टीम ने जिला कृषि अधिकारी मथुरा को साथ लेकर तारसी चौराहा (थाना हाईवे) पर ट्रक को रोका। पूछताछ में ट्रक चालक जगन सिंह और स्थानीय व्यापारी सुभाष सिंह के जरिए एसटीएफ ने सरगना राहुल सिंघल तक पहुंच बनाई।
नकली उर्वरक और पैकिंग सामग्री जब्त कर सैंपल जांच को भेजा
बाद में एसटीएफ और जिला कृषि अधिकारी गाजियाबाद की संयुक्त टीम ने मुरादनगर स्थित अवैध उर्वरक निर्माण परिसर पर छापा मारकर राहुल सिंघल को गिरफ्तार किया। मौके से नकली उर्वरक और पैकिंग सामग्री जब्त कर सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना हाईवे मथुरा व थाना मुरादनगर गाजियाबाद में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
यह भी पढ़े : लापता युवक के पिता से फिरौती की मांग, कॉलर ने खुद को बताया जीआरपी स्टाफ
यह भी पढ़े : 66 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोपी आखिरकार गिरफ्तार, EOW ने दिल्ली से दबोचा
यह भी पढ़े :बिना टिकट सवार महिलाओं ने सीट खाली कराने पहुंचे टीटीई को पीटा, मुंह पर फेंकी चाय
यह भी पढ़े :आईएएस-आईपीएस बनकर बेरोजगार युवाओं से ठगा 80 करोड़, गिरफ्तार
